संजय कुमार सुमन
मधेपुरा
मद्यनिषेध अभियान के तहत आगामी 21 जनवरी को जिले में करीब 148 किमी लंबी मानव श्रृंखला का निर्माण किया जायेगा। इसमें जिले के ढाई लाख लोग हिस्सा लेंगे। जिले में इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। मानव श्रृंखला को लेकर अधिकारियों की लगातार जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंड तक बैठक कर कई दिशा निर्देश दिए जा रहें हैं
मद्यनिषेध के प्रति जागरूकता के लिए आगामी 21 जनवरी को पूरे राज्य में मानव श्रृंखला का निर्माण किया जा रहा है। सूबे में 2 करोड़ से अधिक जनसमूह की इसमें भागीदारी सुनिश्चित की गई है। बिहार के सभी जिलों में संपर्क के साथ 2,794 किमी मार्ग पर मुख्य मानव श्रृंखला बनाया जाएगा जिसमें लगभग 56 लाख लोगों की भागीदारी होगी जबकि जिलों के अंदर (सब-रूट) स्थापित मानव श्रृंखला में 1.5 करोड़ लोगों की भागीदारी होगी। मानव श्रृंखला का निर्माण 21 जनवरी को अपराह्न 2:00 से 2:30 बजे के बीच किया जाएगा।

मधेपुरा जिला में मानव श्रृंखला के निर्माण हेतु आवश्यक तैयारी को लेकर डीएम व एसपी की संयुक्त बैठक लगातार जरी है।जिला में चार प्रमुख मार्गो पर मानव श्रृंखला का निर्माण किया जाएगा। एनएच-31 पर नवगछिया जीरो माईल से चौसा,पुरैनी,मधेपुरा होते हुए सिंहेश्वर एनएच 106 तक, किशुनगंज चौसा चौक से कुमारखंड सीमा तक, कुमारखंड से सिंहेश्वर 26.055 किलोमीटर और मधेपुरा से सहरसा 11 किलोमीटर तक मानव श्रृंखला का निर्माण किया जायगा।
मावन श्रृंखला निर्माण में सभी विभागों के सरकारी एवं संविदागत कर्मी, सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालय, उच्च विद्यालय,उच्चतर विद्यालय, महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मी, आशा दीदी, सेविका, सहायिकाओं व छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। इसके अलावा जीविका एवं साक्षरता से जुड़े कर्मी एवं जनप्रतिनिधियों के साथ महिला-पुरूष भी भाग लेंगे। वर्ग 5 एवं उससे ऊपर कक्षा के छात्र-छात्राओं को भी श्रृंखला में शामिल किया जायेगा। बताया जाता है कि संपूर्ण मानव श्रृंखला मार्ग को 500 मीटर के अलग-अलग खंडों में बांटा जाएगा। प्रत्येक 3 किमी पर सेक्टर, 9 किमी पर जोन तथा 20 किमी पर सुपर जोन बनाया जायगा तथा पर्यवेक्षण हेतु दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। मानव श्रृंखला निर्माण के दौरान संपूर्ण मार्ग पर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने हेतु भी विशेष रूप से व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए आवश्यकतानुसार ड्रॉप गेट का निर्माण भी किया जाएगा। जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं थाना अध्यक्ष को स्थानीय स्तर पर जन प्रतिनिधियों एवं अन्य व्यक्तियों के साथ बैठक कर मानव श्रृंखला निर्माण हेतु सहभागिता के लिए कार्य योजना बनाने का निर्देश दिया। जिला शिक्षा पदाधिकारी को सभी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की सहभागिता हेतु सूचि बनाकर तैयारी करने का निर्देश दिया गया। तैयारी की समीक्षा के लिए पुन: बैठक आयोजित किए जाने का निर्देश डीएम ने दिया।
चौसा में प्रखंड सभागार में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक कर कार्यों की समीक्षा की गई।मौके पर चिकित्सा पदाधिकारी डा.अमित कुमार,केआरपी प्रवीण कुमार प्रसून,प्रखंड समन्वयक परमानन्द मंडल,बीआरपी ओमप्रकाश पर्वे,सहायक अवरनिरीक्षक नकुल कुमार,पर्यवेक्षिका अहिल्या कुमारी समेत कई लोग उपस्थित थे। केआरपी श्री प्रसून ने बताया कि चौसा प्रखंड में 17 किलोमीटर पड़ता है जिसमें 34 हजार लोग शामिल होंगे।