सरायकेला।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मतगणना के दूसरे दिन सोमवार को गम्हरिया प्रखंड के अधिकांश पंचायतों के मतों की हुई गिनती में कई प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला हुआ। जनता का फेसला सुन कई प्रत्याशियों के चेहरे पर खुशी व्याप्त हो गई वहीं कई प्रत्याशी गम में डूबे नजर आए। मतों की गिनती के बाद आए फैसलों के अनुसार जगन्नाथपुर पंचायत से प्रभा देवी दूसरी बार मुखिया पद पर विजयी हुई जबकि पंचायत समिति सदस्य में भाग एक से रजनी तिवारी तथा भाग दो से सरिता देवी विजयी घोषित की गई वहीं वार्ड संख्या आठ से दूर्गा तिवारी विजयी इुए। कान्ड्रा पंचायत से मुखिया पद पर शंकरी सिंह तथा पंचायत समिति सदस्य पद से पूर्व मुखिया होनी सिंह मुण्डा ने जीत दर्ज किया जबकि वार्ड संख्या नौ से किरण कुमारी ने जीत दर्ज किया। छोटा गम्हरिया पंचायत से मुखिया पद पर मात्र 67 मतों से निरुला सरदार ने अपने निकटतम प्रत्याशी रश्मि सरदार को पराजित करने में सफलता पाई। वहीं पंचायत समिति पद पर भाग एक से आशा महतो तथा भाग दो से अजीत सिंह विजयी घोषित किए गए जबकि वार्ड संख्या आठ से विकास कुमार शर्मा विजयी रहे। बुरुडीह पंचायत से सोखने हेम्ब्रम मुखिया पद के लिए निर्वाचित घोषित किए। राजनगर प्रखंड के बीजाडीह पंचायत से सालगे मुर्मु मुखिया पद पर विजयी घोषित की गई। दुग्धा पंचायत के पंसस पद राम हाँसदा निर्वाचित घोषित किए गए। विजयी घोषित हुए प्रत्याशियों के समर्थकों द्वारा एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर बधाई दी गई।
