
गम्हरिया।बैंक कर्मचारियों की लापरवाही के कारण पेंशन लेने बैंक ऑफ इन्डिया, कोलाबीरा शाखा पहुँचे करीब 78 वर्षीय बीमार सेवानिवृत रेलकर्मी जगन्नाथ नायक की मौत हो गई। उसकी मौत के बाद काफी देर तक बैंक में परिजनों व आसपास के लोगों द्वारा हंगामा किया गया। सूचना पाकर बैक परिसर पहुँची कोलाबीरा टीओपी पुलिस द्वारा काफी समझाए-बुझाए जाने के बाद हंगामा शांत हो सका। इस संबंध में बताया जाता है कि सरायकेला के उकरी गाँव निवासी जगन्नाथ नायक काफी बीमार थे। परिवार के सदस्यों द्वारा उन्हें इलाज कराने ले जाया जा रहा था। इसी क्रम में रास्तें में ही स्थित उक्त बैंक से उनके पेंशन की राशि लेने वे पहुँचे। बैंक प्रबंधक द्वारा पहले उनके परिजन को आवेदन देने को कहा गया। आवेदन देने के बाद पुनः पेंशनधारी का फोटो, चिकित्सा प्रमाण पत्र समेत अन्य कागजातों की मांग की गई। परिजनों द्वारा सभी कागजातों को उपलब्ध कराए जाने के बाद भी बैंक के अधिकारियों ने पेंशन राशि का भुगतान करने में विलंब कर रहे थे। अन्त में राशि की प्रतिक्षा करते-करते बैंक परिसर में ही पेंशनधारी की मौत हो गई।



