गम्हरिया
—–
औद्योगिक क्षेत्र, गम्हरिया स्थित बेबको टोयोटा शो रुम में वाहन सर्विसिंग कराने आए जमशेदपुर महानगर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राज कुमार श्रीवास्तव एवं प्रबंधन के बीच विवाद होने के बाद फायरिंग की भ्रामक खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की खबर मिलते ही आदित्यपुर, आरआईटी समेत गम्हरिया थाना प्रभारी सदलबल शो रुम पहुँचकर मामले की छानबीन किया। इस क्रम में बैग में रखे श्रीवास्तव के रिवाॅल्वर की जाँच भी की गई जिसमें फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई। श्रीवास्तव के बैग में रखा रिवाॅल्वर लाईसेंसी पाया गया। पुलिस उक्त रिवाॅल्वर को अपने कब्जे में लेकर उनके साथ आदित्यपुर थाना चली गई। इस घटना के बाद शो रुम परिसर में करीब दो घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा को देखने कर्मचारियों की भीड़ इकट्ठी हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज कुमार श्रीवास्तव अपनी फार्चूनर कार (संख्या जेएच05एडी/7576) की सर्विसिंग कराने शो रुम में आए थे। सर्विसिंग के बाद मामूली डेन्टिंग पेंटिंग का काम भी था। सर्विसिंग के बाद डेंटिंग पेंटिंग में विलंब होने के कारण मेकेनिक अरविंद कुमार के साथ शुरु हुआ विवाद मारपीट का रुप धारण कर लिया। शोरुम के मेकेनिक अरविंद कुमार ने श्रीवास्तव पर मारपीट करने एवं पिस्टल सटाने का आरोप लगाया। जबकि श्रीवास्तव ने भी शोरुम के अधिकारियों पर फोन से बुलाकर मारपीट का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि शोरुम में एक्सचेंज वाहन मेला लगाया गया है। शोरुम के मालिक कृष्णा भालोटिया ने फोन कर उन्हें बुलाया एवं अपनी पुरानी फार्चूनर को 8 लाख में बेचने की पेशकश की। इसके बाद सर्विसिंग कराने के क्रम में शोरुम प्रबंधन के इशारे पर घटना को अंजाम दिया गया। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से आदित्यपुर पुलिस को शिकायत पत्र सौंपकर कानूनी कार्रवाई की मांग की गयी है। श्रीवास्तव ने बताया कि मेरे साथ मारपीट और काॅलर पकड़ कर धक्का मुक्की की गई है। शोरुम परिसर में काफी संख्या में मौजूद कर्मचारियों से बचने एवं बचाने के लिए अपनी लाईसेंसी रिवाल्वर को निकालकर बैग में सुरक्षित रखा था। किसी को रिवाल्वर सटाने की बात बेबुनियाद है। इधर शो रुम के महाप्रबंधक विशाल आनन्द ने बताया कि मैकेनिक अरविन्द की कनपटी में रिवाल्वर सटाया गया। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।
