
गम्हरिया
प्रखंड के कान्ड्रा थानान्तर्गत बुरुडीह पंचायत के संथालडीह गाँव में जंगली हाथियों द्वारा सिमल मुमु्र के घर को ध्वस्त कर अन्दर रखे करीब एक क्वींटल धान को खा गया। घटना बीते बुधवार की रात करीब दस बजे की बताई गई है। उस समय सिमल मुर्मु अपने परिवार के साथ घर के अन्दर सोया हुआ था। हाथियों की आवाज और घर टूटने की आवाज सुनकर वह परिवार के सभी लोगों के साथ किसी प्रकार बाहर भागकर जान बचाया। इसके बाद उसने अन्य ग्रामीणों को इसकी सूचना दिया। ग्रामीणों की आहट सुनकर हाथियों का झुंड जंगल की ओर भाग गया। इसकी जानकारी मिलते ही गुरुवार को वन क्षेत्र पदाधिकारी सुरेश प्रसाद समेत वनरक्षी लूद्रो हेस्सा, वनकर्मी अजय सिंह संथालडीह पहुँचे और क्षति का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवार को क्षतिपूर्ति का आश्वासन दिया। हाथियों द्वारा घर तोड़े जाने के बाद सिमल मुर्मु बंघर हो गया है और खुले आसमान के नीचे सपरिवार रह रहा है। इधर विभिन्न गाँवों में पुनः हाथियों का उत्पात शुरु होने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

