
गम्हरिया।


गाजे-बाजे के साथ अश्रुपूर्ण नेत्रों से श्रद्धालूओं ने माता जगदम्बे को विदाई दी। इस दौरान शनिवार को क्षेत्र के विभिन्न पूजा कमेटियों द्वारा माता की प्रतिमा को क्षेत्र के विभिन्न नदी व तालाबों में विसर्जित किया गया। विभिन्न पूजा कमटियों की ओर से आयोजित विदाई जुलूस में हजारों भक्त श्रद्धालू शामिल होकर माता की जयकारा लगाते हुए उन्हें विदाई दिया। माँ दूर्गा की प्रतिमा विसर्जन के साथ ही विगत दस दिनों से चला आ रहा दूर्गा पूजनोत्सव शांतिपूर्वक व सौहार्द्रपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो गया। विसर्जन के दौरान शान्ति व्यवस्था कायम रखने के लिए प्रशासनिक ओर से सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की गई थी। एक ओर जहाँ चप्पे-चप्पे पर प्रर्याप्त संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गई थी, वहीं दूसरी ओर विसर्जन जुलूस के दौरान भी दंडाधिकारी समेत पुलिस के जवान मौजूद रहे। इस दौरान कहीं से किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। इस दौरान बतौर दंडाधिकारी गम्हरिया की अंचलाधिकारी कामिनी कौशल लकड़ा, प्रखंड विकास पदाधिकारी हरिशंकर बारिक, आदित्यपुर थाना प्रभारी विजय कुमार सिंह, गम्हरिया थाना प्रभारी जय प्रकाश राणा, कान्ड्रा थाना प्रभारी अशोक कुमार आदि मुस्तैद रहे। कांड्रा थाना क्षेत्र में भी सभी पूजा कमेटियों द्वारा शनिवार को ही प्रतिमा विसर्जन कर दिया गया। इस दौरान कोई अप्रिय घटना की खबर नही है।

