
गम्हरिया।


कान्ड्रा, गम्हरिया समेत सम्पूर्ण औद्योगिक क्षेत्र में देश का 72वाँ स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस मौके पर क्षेत्र के सभी स्कूल, काॅलेज, सरकारी व गैर-सरकारी कार्यालय तथा औद्योगिक क्षेत्र की कई कंपनियों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता आन्दोलन के शहीदों को श्रद्धांसुमन अर्पित किया गया। इस मौके पर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालय के बच्चों द्वारा प्रातःकाल में प्रभातफेरी भी निकाली गई। गम्हरिया प्रखंड कार्यालय में प्रखंड प्रमुख अमृता टुडू ने ध्वजारोहण किया। इस मौके पर कई स्कूल के बच्चों द्वारा राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। इस मौके पर बीडीओ हरिशंकर बारिक, सीओ कामिनी कौशल लकड़ा समेत सभी प्रखंड व अंचलकर्मी उपस्थित थे। वहीं, राजस्व कार्यालय में सीओ कामिनी कौशल लकड़ा, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में प्रभारी डाॅ0 बलराम मुर्मु ने ध्वजारोहण किया। गम्हरिया थाना परिसर में थाना प्रभारी जय प्रकाश राणा तथा कान्ड्रा थाना परिसर में थाना प्रभारी अशोक कुमार ने झंडोतोलन किया। इस दौरान पुलिस के जवानों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज को सलामी भी दी गई। इसी प्रकार राजद कार्यालय में प्रदेश महासचिव अर्जुन प्रसाद यादव, कांग्रेस कार्यालय में उपाध्यक्ष फूलकान्त झा, गम्हरिया इंग्लिश स्कूल में निदेशक सुब्रतो राॅय, विद्या ज्योति विद्यालय में प्राचार्य सुनील कुमार झा, जागृति क्लब में अध्यक्ष वीणा सिंह, छोटा गम्हरिया पंचायत भवन में जिप सदस्य सुधीर महतो, जगन्नाथपुर में मुखिया प्रभा देवी तथा पीएचईडी में झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अमृत महतो ने झंडोतोलन किया। इस मौके पर कई विद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया।

