
गम्हरिया
—–
भारत सरकार द्वारा घोषित आयुश्मान योजना के तहत लाभुकों को कई अस्पतालों में चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने की शिकायत आ रही है। इसके लिए ह्यूमन एजुकेशन एण्ड रुरल डेवलपमेन्ट सोसायटी द्वारा प्रत्येक अस्पतालों में शिकायत पेटी की व्यवस्था की जाएगी। लाभुकों द्वारा शिकायत मिलने पर उसे दूर करने का प्रयास किया जाएगा। उपरोक्त बातें संस्था के केन्द्रीय अध्यक्ष अभय झा ने एक प्रेस वार्ता आयोजित कर दी। उन्होंने बताया कि संस्था अन्य सामाजिक कार्यों में भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेगी। इसके तहत स्टेशन के आसपास खुले छत के नीचे जीवन गुजर बसर कर रहे लोगों को आवास मुहैया कराने हेतु शीघ्र ही डीआरएम तथा स्थानीय सांसद से मिलकर व्यवस्था सुनिश्चित करेगी। इसके अलावा सरकार द्वारा बेरोजगारों को ऋण उपलब्ध कराने की घोषणा की गई है। किन्तु कोई भी बैंक आदिवासियों को ऋण नहीं दे रही है। इसके लिए भी संस्था द्वारा सरकार के पास पत्राचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कई गरीब लोगों को सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जाने राशन कार्ड, गोल्डेन कार्ड समेत अन्य सुविधाएँ नहीं मिल पा रही है। इसके समाधान हेतु भी पहल करने का निर्णय लिया गया है। इस मौके पर संस्था के केन्द्रीय उपाध्यक्ष संजीत साहू, चन्द्रकांत, सुनील नायक, अभिनव खान, कार्तिक झा, नितेश झा, मीडिया प्रभारी विरजू ठाकुर, जिला सचिव मंजीत सिंह, वी0 निम्मी राव आदि भी उपस्थित थे।

