
राची।


मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि विकास विरोधी शक्तियां राज्य में कानून-व्यवस्था भंग करने के प्रयास में लगी हैं। बच्चा चोरी की अफवाह आदि घटनाओं के पीछे राज्य विरोधी शक्तियां काम कर रही हैं, जिससे निर्दोष नागरिक मारे जा रहे हैं। यह कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करें। कितना भी बड़ा चेहरा हो, कार्रवाई करने से न हिचकें। उन्होंने कहा कि राज्य में अमन-शांति कायम रखने के लिए सरकार हरसंभव काम करेगी। मुख्यमंत्री झारखंड मंत्रालय में बुधवार को गृह, कारा व आपदा प्रबंधन विभाग के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की तर्ज पर राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल का गठन किया गया है, जिसमें राज्य के ज्यादा से ज्यादा युवक-युवतियों को भर्ती किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्मार्ट थाने में स्मार्ट पुलिस भी रहें, यह सुनिश्चित करें। लोगों से बात करने, ऑनलाइन एफआईआर आदि के तौर-तरीकों का प्रशिक्षण दिलाया जाए। अनुकंपा के मामलों का निपटारा जल्द करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी प्रकार की सूचना मिलने पर निश्चित अवधि में पुलिस वाहन स्थल पर पहुंच जाए, यह सुनिश्चित करें। साथ ही जिम्मेदारी तय करें। राज्य में होनेवाले ऑर्गेनाइज क्राइम पर नियंत्रण के लिए चार्जशीट दायर करने में तेजी लाएं। सजा दिलाने की दर बढ़े, इसपर ठोस काम करें। अनुसंधान में तेजी रखें। उन्होंने डीआईजी और एसपी की भी जिम्मेदारी तय करने का निर्देश दिया। एसपी रोजाना तीन-चार थाने की विजिट करें, उसे निर्धारित करें और इसकी रिपोर्ट मंगाएं।
अफसरों ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि राज्य में 2500 सहायक पुलिस की बहाली की प्रक्रिया अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी। इस वर्ष रांची में सीसीटीवी लगाए जाएंगे। जमशेदपुर और देवघर में भी सीसीटीवी सर्विलांस के लिए डीपीआर तैयार किया जा रहा है। डायल 100 से जुलाई तक सभी जिलों को जोड़ दिया जाएगा। साथ ही हाइवे पेट्रोलिंग व जिला कंट्रोल वाहन को जोड़ा जाएगा।

