रांची।
भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि के अवसर पर आज माननीया राज्यपाल श्रीमती द्रौपदी मुर्मू एवं मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कोकर, रांची स्थित उनके समाधि स्थल पर श्रद्धासुमन अर्पित किया। समाधि स्थल पर श्रद्धा सुमन अर्पित करने के पश्चात माननीया राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने बिरसा चौक स्थित भगवान बिरसा की प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने शोषण, गरीबी एवं दासता के विरूद्ध लड़ते हुए अपना प्राण न्योछावर कर दिया। वे शोषण एवं गरीबी से मुक्त समाज की रचना करना चाहते थे, वे अपनी संस्कृति को अक्षुण्ण रखना चाहते थे। इस हेतु हमारी भी यह कोशिश होनी चाहिये कि हमारी संस्कृति बाहरी संस्कृति से प्रभावित न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम भगवान बिरसा मुंडा के बताये मार्गो पर चलते हुए उनके सपनों के झारखण्ड का निर्माण करेंगे। झारखण्ड विकास की ओर चल पड़ा है। सभी के सहयोग से ही राज्य आगे बढ़ेगा। इस विकास यात्रा में राज्य के सभी लोग सहयोग करें।
