पटना।
पटना। सिने स्टार और भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा (शॉटगन) पार्टी लाइन के खिलाफ जाकर बयान देने के लिए जाने जाते हैं। ताजा विवाद उनके हालिया ट्वीट से उभरा है, जिसमें उन्होंने कहा है कि अगर पार्टी उनके खिलाफ ‘एक्शन’ लेगी तो उसका ‘रिएक्शन’ होगा। शॉटगन के इस बयान को भाजपा को खुली चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।
शत्रुघ्न सिन्हा ने न्यूटन के तीसरे नियम का हवाला देते हुए चेतावनी दी है कि अगर उनके खिलाफ ‘एक्शन’ होगा तो उसका ‘रिएक्शन’ होगा। इसका अर्थ यह निकाला जा रहा है कि अगर भाजपा उनके खिलाफ कोई कार्रवाई करती है तो वह इसकी प्रतिक्रिया में आने वाले भूचाल के लिए भी तैयार रहे। शत्रुघ्न सिन्हा के इस ट्वीट पर फिलहाल भाजपा नेता ‘खामोश’ हैं।
शत्रुघ्न सिन्हा की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से नजदीकियां भाजपा नेताओं को पच नहीं रही। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी उन्हें खास तवज्जों देकर भाजपा को चिढ़ाते रहे हैं। एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार की अपनी रैलियों में नीतीश कुमार को राज्य के पिछड़ेपन के लिए निशाने पर ले रहे हैं, वहीं शत्रुध्न सिन्हा मुख्यमंत्री काे विकास पुरुष कहते थक नहीं रहे। उन्होंने सोमवार को भी एक कार्यक्रम में नीतीश की तारीफ की।
शत्रुघ्न सिन्हा को अपने और नजदीक लाने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हाल ही में पटना के राजकीय फिजिकल कॉलेज का नाम सांसद के पिता बीपी सिन्हा के नाम पर कर दिया। शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी को जदयू टिकट से विधानसभा चुनाव में उतारे जाने के कयास भी लगाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बयान व कार्य यह जताते दिख रहे हैं कि भले ही शॉटगन की पूछ भाजपा में कम हो, लेकिन जदयू के दरवाजे उनके लिए हमेशा खुले हैं। इस बीच शत्रुध्न सिन्हा का आज का ट्वीट आग में घी डालता दिख रहा है।