
पटना।


राजेंद्र नगर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के एक रेक से पावर यान हटा दी गई है। इसकी जगह जल्द ही एसी थ्री का एक अतिरिक्त कोच जुड़ेगा। मंगलवार को पटना से दिल्ली के लिए पहली बार राजधानी एक्सप्रेस बगैर जेनरेटर कार के रवाना हुई। दानापुर मंडल के डीआरएम रंजन प्रकाश ठाकुर ने बताया कि फिलहाल राजधानी के एक रेक से पावर यान हटाई गई है।
इसके बाद अन्य रेक के साथ-साथ संपूर्ण क्रांति समेत सभी सुपर फास्ट ट्रेनों से जेनरेटर कार हटाकर इसकी जगह अतिरिक्त कोच लगाया जाएगा। फिलहाल राजधानी के एक रेक से जेनरेटर कार हटाने से हर साल सात करोड़ रुपए की बचत होगी और ज्यादा यात्रियों को कन्फर्म बर्थ मिल सकेगा।
पूर्ण क्रांति, जन साधारण, दुरंतो एक्सप्रेस सहित उन सभी ट्रेनों में अब यात्रियों को पावर कार की आवाज से परेशान नहीं होना पड़ेगा. रेलवे इन ट्रेनों में जेनेरेटर की जगह ओवर हेड पावर लाइन सिस्टम का इस्तेमाल करने जा रहा है।
इससे न सिर्फ साउंड पॉल्यूशन खत्म होगा, बल्कि डीजल की बचत भी होगी. इसकी शुरुआत पटना राजधानी एक्सप्रेस से 17 अक्तूबर से ही हो गयी है। सब कुछ योजना के मुताबिक रहा, तो बाकी ट्रेनों में भी यह सुविधा जल्द शुरू कर दी जायेगी।
आरडीएसओ ने रेलवे के इलेक्ट्रिक इंजन में नई तकनीक विकसित की है. इस तकनीक से इंजन खुद ही बिजली की आवश्यक आपूर्ति कर सकेगा.। नई तकनीक के तहत जेनरेटर कार के बदले ट्रेन के इंजन से सभी कोचों को ओएचई (ओवरहेड इलेक्टिक) लाइन से पावर सप्लाई दी जाएगी।

