
पटना : बिहार विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान आज शाम पांच थम गया. जिन जिलों में चुनाव हुए वे हैं समस्तीपुर, खगडिया, बेगूसराय, मुंगेर, भागलपुर, जमुई, बांका, शेखपुरा, लखीसराय, नवादा. पहले चरण के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू होकर कुछ इलाकों में तीन बजे, कुल इलाकों में चार बजे और अधिकतर सीटों पर शाम पांच बजे थमा. मतदान के बाद शाम छह बजे दिल्ली में प्रेस कान्फ्रेंस कर चुनाव आयोग ने मतदान का ब्योरा दिया. आयोग के अधिकारी ने बताया कि दस जिलों की 49 सीटों पर कुल 57 प्रतिशत वोट पड़े हैं. पुरुष वोटरों ने जहां 54.5 प्रतिशत वोट किया, वहीं महिला वोटरों ने 59.5 प्रतिशत मतदान किया. यानी महिलाओं ने छह प्रतिशत अधिक वोट किया. उन्होंने बताया कि अबतक पेड न्यूज के भी दो मामले सामने आये हैं.
इस दौरान जमुई में हिंसा हुई, वहीं मुंगेर में राजद व भाजपा में हल्की झड़प हुई. जमुई में चकाई सीट से एनडीए की ओर से लोजपा प्रत्याशी विजय सिंह के साथ मारपीट की गयी और गोली भी चली. हालांकि वियज सिंह बाल बाल बच गये. बताया जा रहा है कि उनके वाहन पर सोन्हो के निकट महेश्वरी गांव में हमला हुआ. इसे राजनीतिक वर्चस्व से जुड़ा माना जा रहा है. वहीं बेगूसराय की साहेबपुर कमाल क्षेत्र में बूथ संख्या 44 पर तैनात सिपाही रामप्रवेश सिंह की हर्टअटैक से मौत हो गयी.

