
नयी दिल्ली । पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तबीयत पिछले 24 घंटों में ज्यादा बिगड़ गयी है और उन्हें लाइफ सपॉर्ट सिस्टम पर रखा गया है. दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने बीती रात एक बयान जारी कर यह जानकारी दी. एम्स ने जानकारी दी कि अटल बिहारी वाजपेयी पिछले 9 हफ्तों से एम्स में भर्ती हैं. दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से बीते 24 घंटों में उनकी हालत बिगड़ी है. उनकी हालत नाजुक है और उन्हें लाइफ सपॉर्ट सिस्टम पर रखा गया है.


पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से मिलने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एम्स पहुंचे. पीएम मोदी के अलावा केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल , केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु , केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन , केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे आदि भी एम्स पहुंचे. उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू गुरुवार सुबह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सेहत का हाल जानने एम्स पहुंचे. खबरों के अनुसार एम्स द्वारा 9 बजे बुलेटिन जारी किया जाएगा, जिसमें वाजपेयी की ताजा हालत के बारे में जानकारी दी जाएगी.
इधर , मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के स्वास्थ्य में सुधार की कामना की. आम आदमी पार्टी के नेता और कवि डॉक्टर कुमार विश्वास ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सेहत को लेकर चिंता जतायी है.
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की सेहत को लेकर दुख जताया है. उन्होनें अपने ट्विटर वॉल पर लिखा कि ईश्वर से अटल जी के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं. जानकारी के अनुसार एम्स में भर्ती पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी से दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल मिलने जाएंगे.
पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को गुर्दा (किडनी) नली में संक्रमण, छाती में जकड़न, मूत्रनली में संक्रमण आदि के बाद 11 जून को एम्स में भर्ती कराया गया था. एम्स ने एक बयान में कहा, ‘‘दुर्भाग्यवश, पिछले 24 घंटों में उनकी हालत ज्यादा बिगड़ गई है. उनकी हालत नाजुक है और वह लाइफ सपॉर्ट सिस्टम पर हैं.’
जानकारी के अनुसार मधुमेह से पीड़ित 93 वर्षीय भाजपा नेता का एक ही गुर्दा काम करता है. एम्स के बाहर की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गयी है. बिल्डिंग के आसपास किसी को जाने की इजाजत नहीं है.
50 मिनट तक रुके पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार शाम वाजपेयी की तबीयत के बारे में जानने के लिए एम्स गये. मोदी शाम करीब 7:15 बजे अस्पताल पहुंचे और वहां करीब 50 मिनट तक रुके. पीएम मोदी के बाद रेल मंत्री पीयूष गोयल और भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी भी एम्स पहुंचे. उनसे पहले केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी भी वाजपेयी के स्वास्थ्य के बारे में जानने के लिए एम्स गयी थीं. देर रात कई नेता और मंत्री अस्पताल गये जिनमें सुरेश प्रभु, जितेंद्र सिंह, हर्षवर्धन और शाहनवाज हुसैन शामिल हैं

