नई दिल्ली -गिरीराज के विवादित बयान का मामला गरमाया

0 74
AD POST

नई दिल्ली।

AD POST

भाजपा नेता गिरिराज सिंह द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर की गई आपत्तिजनक नस्लभेदी टिप्पणी का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। गिरिराज के बयान पर सोनिया के दामाद रॉबर्ट वाड्रा ने सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर गिरिराज सिंह की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया जताई है। वाड्रा ने लिखा है, ‘कांग्रेस अध्यक्ष और मेरी सास पर केंद्रीय मंत्री की टिप्पणियों से मैं सन्न हूं। क्या यह उस महिला के बारे में बात करने का तरीका है, जो जीवन में बेहद कठिन दौर से गुजरी हो और जिसने देश के लिए अपनों को खोया हो।वाड्रा ने आगे लिखा है कि अगर सरकार के मंत्री उनकी इज्जत नहीं कर सकते और इस तरह के महिला विरोधी व नस्ली कॉमेंट करते हैं, तो देश की बाकी महिलाओं का क्या होगा।दिल्ली में नाइजीरिया के उच्चायोग ने भी केंद्रीय मंत्री की टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने बातचीत के दौरान नाइजीरियाई महिला का हवाला दिया था। उच्चायोग ने गिरिराज के बयान को अस्वीकार्य टिप्पणी माना है तथा इसपर उनसे माफी की मांग की है। इससे पहले, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने गिरिराज सिंह को फटकार लगाते हुए सोच-समझ कर बोलने की हिदायत दी और कहा कि इस तरह की भाषा ठीक नहीं। शाह ने गिरिराज से कहा कि ऐसे बयानों से पार्टी की फजीहत होती है, लिहाजा इससे बचना चाहिए। सूत्रों के अनुसार इस मामले पर बढ़ते बवाल को देखते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और अरुण जेटली ने गिरिराज सिंह से बात की। हालांकि इससे पहले गिरिराज सिंह ने इस प्रकरण पर खेद जताया। उन्होंने अपने बयान में कहा है कि यदि उनके बयान से राहुल और सोनिया को दुख पहुंचा है तो उन्हें खेद है। गिरिराज ने कहा कि मैंने ऐसी बातें सार्वजनिक तौर पर नहीं की, ऑफ द रिकार्ड कई बातें होती रहती हैं। इससे पहले, गिरीराज के बयान पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। पार्टी के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा है कि कांग्रेस सिंह की असंयमी और अरुचिकर टिप्पणी की निंदा करता है। इस तरह की टिप्पणी भाजपा और उसके कैडर में नैतिक चरित्र को प्रतिबिंबित करता है।दरअसल, सिंह ने कहा कि अपने गोरे रंग के कारण सोनिया गांधी कांग्रेस की अध्यक्ष बनीं। सोनिया पर रंगभेदी टिप्पणी करते हुए गिरिराज ने कहा, ‘अगर राजीव गांधी ने किसी नाइजिरियन महिला से शादी की होती, तो क्या पार्टी उस महिला का नेतृत्व स्वीकारती। यही नहीं, सिंह ने सक्रिय राजनीति से कुछ दिन की छुट्टी लेने पर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर भी चुटली ली और कहा कि वे लापता हुए मलेशियाई विमान की तरह हो गए हैं। हाजीपुर में गिरिराज सिंह ने कहा, ‘अगर राजीव गांधी कोई…. लेडी से ब्याह किए होते, गोरी चमड़ी न होती तो क्या…. कांग्रेस पार्टी नेतृत्व स्वीकारती क्या ?’ उधर, कांग्रेस ने इस बयान का विरोध किया है। पार्टी लीडर मनीष तिवारी ने कहा कि गिरिराज का यह बयान भाजपा की मानसिकता को दर्शाता है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व जेडीयू अध्यक्ष शरद यादव ने संसद में महिलाओं के रंग पर टिप्पणी कर डाली थी, जिसका चौतरफा विरोध हुआ था। – 

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More