

होटल टीम के साथ नाश्ता कर रहे थे धोनी, आग लगने के बाद सभी को रेस्क्यू किया गया
नई दिल्ली।
.राजधानी के द्वारका इलाके की 5 स्टार होटल में शुक्रवार सुबह आग लग गई। इसी होटल में महेंद्र सिंह धोनी झारखंड टीम के साथ रुके हुए थे। वे विजय हजारे ट्रॉफी का मैच खेलने दिल्ली आए हुए हैं। आग सुबह 5.30 बजे लगी। इसमें क्रिकेटर्स के स्पोर्ट्स किट भी जल गए। आग लगने के बाद धोनी और उनके बाकी टीम मेंबर्स को वहां से तुरंत रेस्क्यू किया गया। एक प्लेयर ने बताया कि सभी लोग नाश्ता कर रहे थे। तभी धुएं की बदबू आई। हादसे के बाद बंगाल और झारखंड के बीच होने वाला विजय हजारे ट्रॉफी का सेमीफाइनल टाल दिया गया है। अब मैच शनिवार को होगा…
– धोनी समेत झारखंड की टीम 5 स्टार वेलकम होटल में रुकी थी।
– बंगाल-झारखंड के बीच होने वाला विजय हजारे ट्रॉफी का सेमीफाइनल शुक्रवार को ही होना था। मैच को शनिवार को शिफ्ट कर दिया गया है।
– बीसीसीआई ने कहा कि प्लेयर्स को नॉर्मल होने के लिए मैच को एक दिन टाल दिया गया है।
– बता दें कि धोनी की अगुआई में धोनी की झारखंड की टीम सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। बुधवार को झारखंड ने विदर्भ को 6 विकेट से हराया था।
मॉल के शोरूम से भड़की आग
– डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर राजेश पंवार ने बताया कि, ”होटल के पिछले हिस्से में स्थित मॉल के एक शोरूम में पहले आग लगी। लोग इसे काबू करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन होटल में धुंआ फैलने लगा था।”
– ”दमकल को 6.30 बजे होटल में आग की सूचना मिली। आग बुझाने के लिए 30 फायर ब्रिगेड पहुंची थीं। 9.45 बजे तक इस पर काबू पा लिया गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने सभी गेस्ट और खिलाड़ियों को बाहर निकाला।”
‘भागकर जान बचाई’
– झारखंड के कोच राजीव कुमार ने कहा, “जैसे ही सुबह आग लगी, हम लोग डर गए थे। सभी को बाहर निकाला गया और ग्राउंड फ्लोर पर ले जाया गया।”
– एक प्लेयर ने बताया, “हम लोग रेस्टॉरेंट में ब्रेकफास्ट कर रहे थे, तभी धुएं की बदबू आई। जान बचाने के लिए हम लोग भागे।”
पुलिस ने क्या कहा?
– साउथवेस्ट दिल्ली के पुलिस कमिश्नर सुरेंद्र कुमार के मुताबिक, “धोनी समेत सभी प्लेयर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।”
– “हादसा उस वक्त हुआ जब झारखंड की टीम नेट प्रैक्टिस के लिए निकलने वाली थी।” घटना के वक्त होटल में करीब 540 गेस्ट थे।
– पुलिस ने ये भी बताया कि आग पहले रिलायंस स्टोर में लगी। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
झारखंड टीम के मेंटर हैं धोनी
– धोनी, रणजी ट्रॉफी में झारखंड टीम के अनऑफिशियल मेंबर भी हैं। वे विजय हजारे ट्रॉफी के सभी 6 मैचों में कप्तानी कर चुके हैं।
– धोनी के चलते मैच देखने काफी लोग भी आ रहे हैं।
– धोनी को जून में चैंपियंस ट्रॉफी खेलनी है, इस लिहाज से विजय हजारे ट्रॉफी को अहम माना जा रहा है.