हस्तशिल्प एवं हथकरघा कार्य में लगे निःशक्त बच्चों की हौसला अफजाई की
कहा कि निःशक्त अपने को किसी से कम न आंकें
जमशेदपुर। आज हथकरघा सप्ताह के दूसरे दिन मानसिक रुप से निःशक्त बच्चों के विकास हेतु कार्यरत संस्था स्कूल ऑफ होप पहुंच कर मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय के उप समाहर्ता संजय कुमार ने निःशक्त बच्चों द्वारा तैयार हस्तशिल्प को देखा। दरी, आसन आदि हथकरघा वस्तुओं के निर्माण में पूरे मनोयोग से लगे मानसिक रुप से कमजोर बच्चों रंधीर कुमार सिंह, गंगा बाई, रानी लोहार, नीलॅाय सरकार, मामुन हसन, अब्दुल, अमित ठाकुर एवं उनकी प्रशिक्षिका यशोदा देवी से कार्य स्थल पर ही मुलाकात की। मौके पर ही उप समाहर्ता ने बच्चों द्वारा बनाये 20 ग्रीटिंग कार्ड खरीद कर बच्चों का मनोबल बढाया। उनके हुनर की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे लोग अपने को किसी से कमतर न आंके क्योकि वे भी अपनी प्रतिभा और लगन के बल पर स्वयं को असाधारण साबित कर सकते है, मजबूत इरादों के बीच निःशक्तता कभी आडे़ नहीं आती। साथ ही बताया कि युवाओं के कौशल विकास हेतु सरकार द्वारा चलाए जा रही योजनाओं का भी वे लाभ ले सकते हैं, जो बच्चें सरकारी स्तर पर प्रशिक्षण लेने के इच्छुक हों उन्हें पूरा सहयोग किया जायगा। संस्थान की प्रधानाचार्या श्रीमती श्यामल राजू एवं प्रशासिका सुश्री राजश्री ने उक्त बच्चों द्वारा बनाये विभिन्न प्रकार के ग्रीटिंग कार्ड, पेंटिंग्स, लिफाफे एवं अन्य हस्तशिल्प की वस्तुऐं दिखाई। संजय कुमार के साथ सहायक हेम नारायण सिंह भी मौजूद थे।
