
जमशेदपुरः जिला पुलिस ने सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के 28 मई को हुए सिंकदर दास के हत्याकांड के मामले में पांच लोगों को पकड़ कर पुरे मामले का परदाफाश कर दिया है. इस संदर्भ में सिटी एसपी चंदन झा ने अपने कार्यालय में पत्रकारों को इस संबंध में पूरी जानकारी उपलब्ध करायी. श्री झा ने बताया कि यह हत्या बिजली के अवैध कनेक्शन से होनेवाली कमाई को लेकर हुई थी. इस मामले में एक अपराधकर्मी की गिरफ्तारी पूर्व में ही हो चुकी है. बाकी बचे पांच अपराधियों की भी गिरफ्तारी हो चुकी है. श्री झा ने बताया कि सभी की गिरफ्तारी गुप्त सूचना के आधार पर की गयी. उन्होंने कहा कि हत्या में प्रयुक्त भुजाली पुलिस ने बरामद कर लिया है. गौरतलब है कि विगत 28 मई की देर शाम सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर में सिंकदर दास नामक एक व्य़क्ति की हत्या तेज धारवाले हथियार से की गयी थी. पुलिस ने इस मामले में एक अपराधी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था.



