
जमशेदपुर।


बीती रात सिदगोड़ा बाजार में मंगलवार आधी रात के बाद लगी आग ने 12 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। रात करीब दो बजे तक आग का फैलना जारी था। हालांकि तब तक छह दमकलें वहां पहुंच चुकी थीं। बाजार में सकरी गली होने और चार दमकलों का पानी खत्म हो जाने से रात 2:15 के करीब तक वहां भारी अफरा तफरी की स्थिति थी। लोगों की भारी भीड़ के बीच आग बुझाने की कवायद की जा रही थी। उस समय एहतियात के तौर इलाके की बिजली काट दी गई क्योंकि इससे आग के और फैलने का डर था। बताया जाता है कि बाजार में स्थित अलंकार ज्वेलर्स में आग लगी। यह बहुत तेजी से फैली और तुरंत बगल में स्थित कपड़े की दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद रेमेडी कैटरर और माडर्न ऑटो समेत कई अन्य दुकानों तक इसका फैलाव हो गया। बताया जाता है कि जयसवाल टेक्सटाइल नामक उक्त कपड़े की दुकान में पूजा के मद्देनजर भारी स्टॉक लाया गया था। इसके अलावा माउथ एवेन्यू, श्री श्याम ज्वेलर्स, मॉडर्न ऑटो, रेमेडी कैरियर जैसी दळ्कानों में भी आग का फैलाव हो गया। देर रात विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भी वहां जुटने लगे थे।

