
लोक समर्पण‘ परिवार ने किया सरहुल जुलूस का स्वागत
जमशेदपुर। प्रकृति के महान पर्व सरहुल के मौके पर आज शहर की जन-कल्याणकारी सामाजिक संस्था ’लोक समर्पण‘ परिवार ने काली मंदिर भालुबासा के समीप शिविर लगा कर सरहुल जुलूस में शामिल लोगों का जोरदार स्वागत किया और उनकी सेवा की।
’लोक समर्पण‘ के अध्यक्ष श्री ललित दास ने जुलूस में शामिल ‘हो’ समाज, मुंडा समाज, उरावं समाज, भुइयां समाज, तुरी समाज और मुखी समाज के मुखियाओं को आदिवासी लोक-संस्कृति के प्रतीक गमछा ओढ़ा कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर झारखंड वासियों को सरहुल की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व हमें प्रकृति के संरक्षण का संदेश देता है। इसमें झारखंड की मिट्टी और लोक-संस्कृति की खुशबू है। प्रकृति के बगैर मानव जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। यह पर्व हमें पेड-पौधे, धरती आदि की पूजा के माध्यम से प्रकृति के प्रति आभार प्रकट करने का अवसर प्रदान करता है।
‘लोक समर्पण’ परिवार के सदस्यों ने स्वागत शिविर से जुलूस में शामिल लोगों के बीच फल, शरबत, चॉकलेट, मिनरल वॉटर आदि का वितरण किया। शिविर में नीरज कुमार कैवर्त, रूपेश कुमार साहू, ज्ञान सिंह, प्रदीप दूबे, रीतेश दत्ता, दीपक सिंह, संजीव नायक, देव कुमार और सुभाष मुखी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

