
संवाददाता


जमशेदपुरः शहर की गिरती कानून व्यवस्था से चिंतित सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि इस मामले को लेकर उन्होंने शहर के उपायुक्त तथा एसएसपी से बात की है. यह बातें श्री महतो ने चैंबर भवन में आयोजित सांसद सम्मान समारोह में कही. श्री महतो ने कहा कि शहर में कानून व्यवस्था को लेकर तेज तर्रार पुलिस अफसर जमशेदपुर को दें. इस दौरान उन्होंने अपने संसदीय कार्यकाल के दौरान किये गये कार्यों की उपलब्धियां भी गिनायीं. उन्होंने कहा कि चैंबर की वर्षों की मांग थी पुरुषोत्तम एक्सप्रेस ट्रेन का विस्तार जयपुर तक किया जाये. हमने इस मांग को रेल मंत्री के सामने रखा. रेल मंत्री ने भरोसा दिया कि जल्द ही इसका विस्तार जमशेदपुर तक कर दिया जायेगा. जल्द ही दुरुस्तो ट्रेन में टाटानगर में बोर्डिंग की व्यवस्था कर दी जायेगी. श्री महतो ने कहा कि रेल मंत्री से उनकी वार्ता सकारात्मक रही. जल्द ही पुरुषोत्तम एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव घाटशिला में पांच मिनट तक कर दिया जायेगा. जल्द ही नयी ट्रेन से टाटानगर से जयनगर भाया दरभंगा व टाटानगर से वेल्लूर तथा अन्य दो ट्रेनें बिहार के लिए की मांग की है, जिस पर रेल मंत्री ने सकारात्मक भरोसा दिया है. इस दौरान उन्होंने कहा कि टाटानगर के अधिकारियों से आग्रह किया गया है कि टाटा में टाटा मोटर्स के और भी प्लांट बैठे ताकि आस—पास के उद्यमियों को इसका लाभ मिले और लोगों को नयी नौकरी मिल सके.
इसके पूर्व सांसद विद्युत वरण महतो को राजस्थानी पगड़ी पहना कर सम्मानित किया गया. इस दौरान चैंबर के कई सदस्य मौजूद थे.

