
जमशेदपुरः आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मांझी टोला में रविवार को एक युवक को घायल अवस्था में मिला. उसे तत्काल एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज किया जा रहा है. फिलहाल वह खतरे से बाहर है. घायल दुर्गा पूर्ति नामक इस युवक ने बताया कि वह आरआईटी थाना क्षेत्र के कुलुपटांगा बस्ती का निवासी है. शनिवार को वह अपने दो दोस्तों के साथ बस्ती में ही शराब पी रहा था. उसके पास पांच हजार रुपये थे, जिसे उसके दोस्तों विजय व नीतेश ने देख लिया था. शराब पीने के बाद वे लोग उसे अपनी मोटरसाइकिल में बैठा कर घूमाने के उद्देश्य से बस्ती से बाहर ले गये. इसी क्रम में मांझी टोला पहुंचने के बाद दोस्तों ने उसके पॉकेट से सारे रुपये छीन लिये और जब उसने विरोध किया, तो दोनों ने मिल कर पास के कुएं में ढकेल दिया. रात भर वह कुएं में पड़ा रहा और घायल दर्द से तड़पता रहा. सुबह में जब लोगों ने उसकी कराह सुनी, तो लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहंची और लोगों के सहयोग से कुएं से उसे बाहर निकाल कर एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया. दोनों दोस्त फरार हैं. पीड़ित दुर्गा ने बताया कि दोनों दोस्त बहुत पहले साथ में ही काम करते थे. शनिवार को जब मिले तो पीने-पिलाने की पार्टी हुई थी.



