
जमशेदपुर : टाटानगर रेल पुलिस ने आदित्यपुर-गाम्हरिया के बीच रेल लाइन किनारे नाला से कदमा रामनगर निवासी शोभा साव (27) नामक युवती का शव बरामद किया। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंचे रेल थाना के एएसआइ एंथानिस मिंज के मुताबिक युवती के दोनों पैर टूटे हुए थे। बताया जाता है कि युवती चलती ट्रेन से कूद गई और चिकित्सीय सहायता मिलने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। वैसे रेल पुलिस को कदमा निवासी मृतका के परिजन संजय साव ने बताया कि रेलवे ट्रैक पार करने के क्रम में शोभा ट्रेन की चपेट में आ गई। रेल पुलिस मामले की जांच कर रही है।



