
पूर्वी सिंहभूम के पटमदा से होगी शुरुआत


जमशेदपुर।
खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय कल 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के दिन राशन वितरण समीक्षा अभियान का शुभारंभ करेंगे। अपने अभियान के दौरान मंत्री प्रत्येक सप्ताह किसी न किसी गांव में जायेंगे और वहां राशन वितरण व्यवस्था के सम्बंध में शिकायतों का जायजा सीधे ग्रामीणों से लेंगे। इसकी शुरुआत कल पटमदा के लावा पंचायत के बेलाटांड़ गांव और बोड़ाम से होगी।
मंत्री ने बताया कि राज्य के अनेक स्थानों से राशन नहीं मिलने, कम राशन मिलने तथा इंटरनेट नहीं होने की शिकायत मिल रही है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। मंत्री ने कहा कि विभाग में अधिकारियों और कर्मचारियों की बेहद कमी है। 24 जिलों में 8 में ही जिला आपूर्ति पदाधिकारी पदस्थापित हैं। बाकी जिले प्रभार में हैं। एमओ/बीएसओ के कुल स्वीकृत पद लगभग 450 हैं मगर मुश्किल से 100 ही कार्यरत हैं।दूसरे विभागों के लोग प्रतिनियुक्त हैं। नतीजन सरकार की पहुंच गांवों तक नहीं हो पा रही है। इसके विकल्प के रूप में यह अभियान चलेगा।
मंत्री ने बताया कि विभाग द्वारा गठित प्रदेश, जिला और प्रखंड स्तरीय सतर्कता समितियों के सदस्यों को भी प्रत्येक सप्ताह किसी न किसी एक राशन दुकान के क्षेत्र में जाकर कठिनाइयों का पता लगाने और व्हाट्सएप्प के माध्यम से मंत्री को सूचित करने का संदेश दिया जा रहा है। प्रदेश एवं जिला उपभोक्ता संरक्षण परिषद के सदस्यों को भी इस काम मे लगाया जाएगा।
मंत्री ने बताया कि यह अभियान अत्यंत सादगीपूर्वक चलाया जाएगा। कोई बैनर, पोस्टर एवं होर्डिंग नही लगाया जायेगा। टेंट-शामियाना भी नहीं लगेगा। मंत्री गांव में जाएंगे और राशन दुकान या आसपास के किसी घर पर क्षेत्र के लोगों से मिलकर जानकारी लेंगे।

