जमशेदपुर। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राज्य में फिल्मों के निर्माण को प्रोत्साहन देने हेतु राज्य के प्रत्येक जिला जनसम्पर्क कार्यालय में सिंगल विंडो सिस्टम खोला जायेगा ताकि फिल्म निर्माताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि सरकार स्थानीय भाषा की गुणवत्तापूर्ण फिल्मो को प्रोत्साहित करने हेतु 2 करोड़ रुपये तक की सहायता राशि देगी। वे आज गोपाल मैदान में आयोजित संथाली एवं क्षेत्रीय फिल्म महोत्सव के समापन समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री श्री दास ने कहा कि फिल्म नीति का निर्माण सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा किया गया है। सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग ने फिल्म सिटी के निर्माण हेतु जमीन भी चिहिन्त कर ली है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में भी फिल्म की शूटिंग की काफी संभावनायें हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण संस्कृति,क्षेत्रीय भाषाआंे को संरक्षित करना है और स्थानीय भाषाओं को प्रोत्साहित करने के लिये इस प्रकार का आयोजन एक सकारात्मक माध्यम है। उन्होंने कहा कि जनजातीय संस्कृति गीत-संगीत के बिना अधूरी है और फिल्मों के माध्यम से जनजातीय संस्कृति को संरक्षित किया सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के शिक्षित वर्गों को आगे आना होगा। राज्य के विकास में अपना योगदान देना होगा। सरकारी स्कूलों में जाकर अपने अनुभवों को साझा करना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने योजना बनाओं अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान में सभी वर्गों को आगे आकर इसे सफल बनाना होगा।
समापन समारोह में झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जन मुण्डा, सांसद विद्युतवरण महतो, पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा, दिगंबर हांसदा सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।
