
जमशेदपुर। झारखण्ड के 26 नवनियुक्त सिटी मैनेजर्स को क्षेत्रीय प्रशिक्षण भ्रमण हेतु दो दिन के लिए जमशेदपुर अक्षेस भेजा गया था। जेएनएसी की ओर से 15 और 16 फ़रवरी को उनके क्षेत्रीय प्रशिक्षण और भ्रमण की व्यवस्था करायी गयी थी। उक्त नगर प्रबंधकों के चयन हेतु पिछले माह ही नगर विकास विभाग द्वारा प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन किया गया था। चयनित प्रबंधको का रांची में संस्थागत/सैद्धांतिक प्रशिक्षण के बाद जमशेदपुर में दो दिन क्षेत्रीय प्रशिक्षण चला। जल्द ही विभाग उन्हें विभिन्न जिलों में पदस्थापित करेगा। जमशेदपुर को भी दो नए नगर प्रबंधक मिलने की उम्मीद है।
विशेष पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि यह जेएनएसी के लिए हर्ष की बात है कि नव नियुक्त नगर प्रबंधकों के क्षेत्रीय प्रशिक्षण हेतु जेएनएसी को चुना गया। उन्होंने बताया कि उक्त दो दिवसीय क्षेत्रीय भ्रमण कार्यक्रम के दौरान सभी 26 प्रशिक्षुओं को नगर निकाय में होने वाले विभिन्न कार्यों की जानकारी देने के साथ ही निकाय के विभिन्न शाखाओं और अनुभागों आदि से अवगत कराया गया। इतना ही नहीं उन्हें जुस्को कार्यालय भी भ्रमण कराकर जुस्को द्वारा प्रदत्त विभिन्न नागरिक सुविधाओं की व्यावहारिक जानकारी दी गयी। विशेष पदाधिकारी संजय कुमार, सिटी मैनेजर रंजन पांडेय तथा सहायक अभियंता महेंद्र राम ने सभी प्रशिक्षुओं को निकाय के कार्यों से जुडी व्यावहारिक चुनौतियों से निपटने के बारे में भी प्रकाश डाला।



