–
जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाने में ११ अप्रैल को एक मामले की रिपोर्टिंग करने गए पत्रकारों और प्रेस छायाकारों की सीतारामडेरा थाना पुलिस ने जमकर पिटाई की., जिससे कई पत्रकार घायल हो गए और उन्हें इलाज हेतु अस्पताल ले जाना पड़ा. घटना के सन्दर्भ में बिहार झारखंड न्यूज़ के रवि झा ने बताया कि
मंत्री सरयू राय के करीबी बिल्डर निखर सबलोक ने मुख्यमंत्री रघुबर दास के नजदीकी पवन अग्रवाल के खिलाफ ५ लाख रूपया रंगदारी मांगने का मामला थाना में दर्ज करवाया. लेकिन पुलिस ने सबलोक को ही गिरफ्तार कर लिया.इस बात की जानकारी होने पर झारखंड के खाद्य आपूर्ति मंत्री और जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय समर्थकों संग सीतारामडेरा थाना पहुँच कर सबलोक को छोड़ने की मांग की.तभी झारखंड के मुख्यमंत्री और जमशेदपुर पूर्वी के विधायक रघुबर दास गुट के लोग भी थाना पहुँच कर विरोध जताने लगे.बात कहा सुनी से तू तू मैं मैं में तब्दील हो गयी.धक्का मुक्की के बीच एक पुलिस कर्मी गिर गया और पुलिस वालों को लगा कि घटना की रिपोर्टिंग कर रहे पत्रकारों -छायाकारों ने ही पुलिस कर्मी को गिराया है. बस पुलिस ने पत्रकारों-छायाकारों को दौड़ा दौड़ा कर पीटना शुरू किया ,फलस्वरूप कई पत्रकार / छायाकार घायल हो गए जिन्हे इलाज के लिए महात्मा गांधी सरकारी अस्पताल ले जाया गया.
बाद में पत्रकारों ने पूर्वी सिंहभूम जिले के वरीय आरक्षी अधीक्षक अनूप मैथ्यू से मुलाकात कर घटना की जानकारी दी और दोषियों पर कार्यवाई की मांग की. एस.पी. ने थाना प्रभारी को लाइन क्लोज कर दिया जबकि कुछ पुलिस कर्मियों को निलम्बित किया गया है.मामले की जांच की जिम्मेदारी सिटी एस.पी. को सौंपी गयी है.
घटना की जानकारी मिलने पर जमशेदपुर के पूर्व सांसद और कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ.अजय कुमार, कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय खान और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एस.आर.रिज़वी छब्बन,झारखण्ड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष मधुकर ,महासचिव प्रमोद झा , जिला संयोजक रवि झा ,कोषाध्यक्ष अभिजीत अधरजी ने घटना की निंदा की है.यूनियन ने ,घटना से, प्रेस कौंसिल को भी अवगत कराया है.



