
विशेष पदाधिकारी संजय कुमार ने 8 कमेटियों को प्रदान किये प्रशस्ति पत्र एवं पौधे
जमशेदपुर। मानगो अक्षेस अंतर्गत आने वाले ऐसे तीन तीन पूजा पंडालों एवं मुहर्रम अखाड़ों को विशेष पदाधिकारी संजय कुमार ने केंद्रीय दुर्गा पूजा कमिटी के अध्यक्ष रामबाबू सिंह एवं मस्जिद कमेटियों के मौजूदगी में सम्मानित किया जिन्होंने अपने पंडालों या अखाड़ों में न्यूनतम डेसीबल उत्सर्जन के ध्वनि विस्तारक प्रयोग किये थे। उल्लेखनीय है कि पूजा के पहले संजय कुमार ने पूजा पंडालों एवं अखाड़ों की ध्वनि तीव्रताओं का यदृच्छया( random ) मापन की घोषणा की थी, जिसके आलोक में सम्बंधित कनीय अभियंताओं और स्वयं संजय कुमार ने भी जगह जगह जाकर ध्वनि मापक यंत्र से पंडालों और अखाड़ों की ध्वनि तीव्रता को डेसीबल में मापा था। मानगो में पूजा पंडालों में ध्वनि का स्तर 61 डेसीबल से 99 डेसीबल तक पाया गया जबकि मुहर्रम अखाड़ों का ध्वनि स्तर 75 से 96 डेसीबल के बीच था। ध्वनि सम्बन्धी उपरोक्त संकलित आंकड़ों के आधार पर सबसे कम ध्वनि प्रदूषण करने वाले तीन पूजा पंडालों एवं तीन मुहर्रम अखाड़ों को प्रशस्ति पत्र तथा भोग की हांड़ी में तुलसी पौधा लगाकर प्रदान किया गया।
पूजा कमेटियां जो सम्मानित हुई
प्रथम : पारडीह सार्वजानिक दुर्गा पूजा समिति ( ध्वनि स्तर 61.3 डेसीबल )
द्वितीय : श्री श्री दुर्गा पूजा समिति दलमा एन्क्लेव ( ध्वनि स्तर 70 .0 डेसीबल)
तृतीय : नवीन कालोनी दुर्गा पूजा समिति (( ध्वनि स्तर 70 .2 डेसीबल)
मुहर्रम अखाड़े जो सम्मानित हुए
प्रथम : अशफाक अखाड़ा बगानशाही ( ( ध्वनि स्तर – लाउडस्पीकर प्रयोग ही नहीं किया )
द्वितीय : हमीद अखाडा जाकिर नगर (ध्वनि स्तर 72 .0 डेसीबल)
तृतीय : शाह मोहम्मद अखाडा ( ध्वनि स्तर 75.3 डेसीबल)
ये भी हुए सम्मानित
सबसे पहले मूर्ती विसर्जन करने वाली समिति : माधव बाग़ दुर्गा पूजा समिति
सबसेपहले मोहर्रम जुलूस का विसर्जन हेतु : रुस्तम अखाडा आज़ाद नगर
उपस्थित थे
इस मौके पर केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष रामबाबू सिंह , खगेन चंद्र महतो, मुंशी मुहल्ला मस्जिद के सदर सना उल्ला अंसारी ,शांति समिति के सदस्य शेख बदरुद्दीन, मुख़्तार आलम खान ,अजित कुमार, अनवारुल हक़, मतलूब अनवर खान आदि सहित मानगो अक्षेस के समस्त कर्मचारी मौजूद थे ।

