
पब्लिक ट्रांसपोर्ट को दुरुस्त बनाने के लिए होगी कवायद
जमशेदपुर। जमशेदपुर अक्षेस की नगरीय बस सेवा की व्यवस्था परखने के लिए आज विशेष पदाधिकारी संजय कुमार ने अपने ही कार्यालय द्वारा संचालित एक सिटी बस में आम यात्री बनकर यात्रा की। कार्यालयी अवधि के बाद शाम 5.15 पर उन्होंने साकची गोलचक्कर से स्टेशन जाने वाली बस में बिष्टुपुर जाने के लिए टिकट लिया। कुछ देर सीट न मिली तो खड़े होकर यात्रा की हालाँकि बाद में अगले स्टॉप से सीट मिल गयी। आखिर में छप्पन भोग के पास बिस्टुपुर स्टैंड में वे उतर गए। इस छोटी सी यात्रा के दौरान संजय कुमार के साथ उनके एक अधीनस्थ अधिकारी भी मौजूद थे।
नगरीय परिवहन व्यवस्था का होगा कायाकल्प
संजय कुमार ने बताया कि उक्त छोटे से परीक्षण से बहुत सारी बातों की जानकारी मिली। एक ओर सहयात्रियों से विभिन्न फीडबैक मिले वही ड्राइवर और कंडक्टर के व्यवहार के बारे में भी पता चला। बस में मिली भीड़ से स्पष्ट हो गया कि सवारियों की संख्या में कमी नहीं हैं। सिर्फ संचालन और रखरखाव को लेकर कुछ सकारात्मक प्रयास करने की जरूरत है। बताया कि छठ पूजा के बाद इस दिशा में कारगर कदम उठाये जायेंगे।
बारीडीह स्थित बस डिपो का किया निरीक्षण
शाम में विशेष पदाधिकारी ने टाउनहाल के पास स्थित बस डिपो का भी निरीक्षण किया। ख़राब पड़ी बसों को ठीक करवाने के लिए अपने यांत्रिकी विभाग के सहायक अभियंता शैलेश कुमार को प्राक्कलन बनाने का निदेश दिया। वहीँ परिसर की साफ सफाई और जीर्णोद्धार सम्बन्धी भी निदेश दिए गए।

