
र
निवेशकों ने एसएसपी से लगायी मदद की गुहार
आरडी व एफडी के माध्यम से 20 करोड़ से अधिक का चूना लगाकर आइनोवा मार्केटिंग लि. फरार
प्रधान कार्यालय कोलकाता में
जमशेदपुर समेत कोल्हान के कई क्षेत्रों में फैला था जाल
संवाददाता
जमशेदपुरः कम समय में अधिक ब्याज का लालच दिखाकर कोलकाता की एक अन्य नन-बैंकिग कंपनी जमशेदपुर समेत कोल्हान के अन्य क्षेत्रों से निवेशकों के करोड़ों रुपए लेकर फरार हो गई है. मामले का खुलासा गुरूवार को उक्त कंपनी के निवेशकों द्वारा एसएसपी को सौंपे ज्ञापन से हुआ.
ज्ञापन की जानकारी देते हुए निवेशकों ने बताया कि उक्त कंपनी आइनोवा सॉल्यूशन, आइनोवा रियल एस्टेट एवं आइनोवा टूर एण्ड ट्रैवल्स के नाम से जमशेदपुर व आस-पास के क्षेत्रों से अधिक ब्य़ाज का प्रलोभन देकर एफडी व आरडी स्कीमों को संचालित करती थी. उक्त कंपनी 2009 से इस क्षेत्र में सक्रिय थी. निवेशकों ने बताया कि परसुडीह निवासी उत्तम दत्ता नाम के व्यक्ति के कहने पर उन्होंने पैसा लगाया था. वर्ष 2012 में उत्तम द्त्ता का कंपनी के साथ किसी बात को लेकर विवाद होने के बाद उत्तम दत्ता मे कंपनी छोड़ दी. जब निवेशकों ने उत्तम दत्ता से संपर्क किया तो उसने निवेशकों को दुत्कार कर भगा दिया. उधर कंपनी के एजेंटो ने कंपनी के दफ्तर का चक्कर काटना शुरू किया पर हासिल कुछ भी नही हुआ. धीरे-धीरे कंपनी के दफ्तर भी बंद हो गए. जब एजेंटों ने कंपनी के सीएमडी जयंत चक्रवर्ती व एमडी राजीव मुखर्जी से संपर्क करने का प्रयास किया तो उनका भी मोबईल बंद मिला.
निवेशकों का कहना था कि उत्तम दत्ता के कहने पर उन्होंने उक्त कंपनी में पैसा लगाया था. आज वह मजे से घूम रहा है और उनकी जीवनभर की कमायी रकम का कोई हिसाब नहीं.
ज्ञापन देनेवालों में लिली मैरी, इंदु देवी, राजू सिंह, गुरू प्रसाद कर्मकार, मनोज कुमार, अरूणा कुमारी समेत कई निवेशक शामिल थे.


