
वेस्ट बोकारो ।


‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट, लेट्स इनोवेट‘ के संदेश के साथ वेस्ट बोकारो डिवीजन, टाटा स्टील की मेजबानी में दुर्गा मंडप चल रहा 8वां फ्लॉवर व वेजीटबल शो 19 जनवरी को संपन्न हो गया।
18 जनवरी को डॉ. विजय शंकर दुबे, डिवीजनल फॉरेस्ट ऑफिसर, रामगढ़ ने श्री संजय कुमार सिंह, जीएम, कोल, टाटा स्टील, श्री साहबजी कुचरू, चीफ, ऑपरेशंस, वेस्ट बोकारो, टाटा स्टील और श्री मोहन महतो, प्रेसिडेंट, आरसीएमएस ने संयुक्त रूप से इस शो का उद्घाटन किया था।
समापन कार्यक्रम में श्री अनुराग दीक्षित, चीफ, क्वैरी एसई, वेस्ट बोकारो, टाटा स्टील और श्री बी वी सुधीर, चीफ, कोल बेनेफिसिएशन, वेस्ट बोकारो, टाटा स्टील ने विनोबा भावे यूनिवर्सिटी, हजारीबाग के प्रोफेसर डॉ. डी एन सिंधु और डॉ. एस पी चौधरी के साथ बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
दो दिवसीय शो में वेस्ट बोकारो टाउनशिप के निवासियों, स्थानीय समितियों, वेंडरों और स्कूल के बच्चों ने भांति-भांति के फूलों और सब्जियों की प्रदर्शनी लगायी। संस्थान और व्यक्तिग श्रेणी में कुल मिला कर 35 स्टाल लगाये गये। इस वर्ष के थीम ‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’ के अनुरूप हस्तकला के रूप में बेकार चीजों का सर्वोत्तम उपयोग के नवोन्वेषी तरीकों को दर्शाते कई स्टाल थे।
समारोह को संबोधित करते हुए श्री संजय कुमार सिंह ने कहा, “कंपनी पर्यावरण और जैव-विविधता के संरक्षण के प्रति कटिबद्ध है और इस दिशा में समूचे वेस्ट बोकारो में पिछले वर्ष 83000 पौधे लगाये गये। समुदाय में इस विषय पर जागरुकता पैदा करने और उन्हें इसमें सहभागी बनाने के लिए यह वार्षिक फ्लॉवर व वेजीटबल शो एक बेहतरीन मंच है।’’
बागवानी उद्देश्य से बेकार सामग्रियों के नवोन्वेषी इस्तेमाल पर डेमांस्ट्रेशन इस वर्ष आकर्षण का मुख्य केंद्र था। इस वर्ष पहली बार बोन्साई कार्यशाला के साथ बोन्साई की प्रदर्शनी लगायी गयी। दो दिनों तक चले इस शो में 2000 से अधिक लोग जुटे। समापन समरोह में विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल, सेंट पीटर्स हाई स्कूल के बच्चों और रिश्ता प्रोजेक्ट के सदस्यों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

