(टाटा समूह ने किया अभिनंदन)
जमशेदपुर। टाटा बिल्डिंग इंडिया स्कूल निबंध प्रतियोगिता के राष्ट्रीय स्तर के विजेताओं को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में भारत के राष्ट्रपति श्री प्रणब मुखर्जी से भेंट करने का अवसर मिला। इन विजेताओं को राष्ट्रपति भवन के दौरे पर भी जाने का मौका मिला।
2006 में शुरू हुई टाटा बिल्डिंग इंडिया स्कूल निबंध प्रतियोगिता भारत की सबसे बड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता है जो कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों को राष्ट्र निर्माण के बारे में अपने विचारों को बांटने का अवसर प्रदान करती है। 2012-13 के एडिशन का आयोजन 10 अलग-अलग भाषाओं-अंग्रेज़ी, हिंदी, बंगाली, गुजराती, तमिल, मराठी, कन्नड़, ओडिशा, तेलुगू और मलयालम में किया गया था।
2013-14 में दो भाषाओं-पंजाबी और असमिया को भी शामिल किया गया और इस तरह प्रतियोगिता के दायरे में शामिल भाषाओं की संख्या बारह पहुंच गई थी। हर एडिशन में देशभर के 170 से ज्यादा शहरों के 6500 से 7000 स्कूलों के 30 लाख से अधिक छात्रों ने भाग लिया।
टाटा ग्रुप द्वारा नई दिल्ली स्थित फिक्की सभागार में आयोजित समारोह में दोनों एडिशन के राष्ट्रीय विजेताओं का अभिनंदन किया। श्री राॅननसेन, डायरेक्टर, टाटा संस लिमिटेड इस समारोह के मुख्य अतिथि थे जिन्होंने इन विजेताओं को टाटा बिल्डिंग इंडिया ट्राॅफी तथा प्रत्येक को एक लैपटाॅप प्रदान किया।
इन छात्रों की प्रतिभा और जज़्बे से प्रभावित श्री राॅनन सेन ने कहा कि प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी छात्र विजेता हैं। उन्होंने अपने अभिभावकों, शिक्षकों, स्कूलों, शहर और देश का गौरवान्वित होने का अवसर प्रदान किया। टाटा बिल्डिंग इंडिया स्कूल निबंध प्रतियोगिता आज देश भर के टियर 2, 3 और 4 शहरों तक पहुंच चुकी है। इसका सफल आयोजन टाटा ग्रुप के मूल ध्येय के अनुरूप है।



