
जमशेदपुर।
कीनन स्टेडियम में खेले जा रहे अंडर-16 विजय मर्चेंट ट्रॉफी के दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक झारखंड दूसरी पारी में दो विकेट पर 124 रन बना चुका था। पहली पारी में झारखंड की टीम 177 रन पर ही सिमट गई थी। जवाबी पारी खेलने उतरी ओडिशा के बल्लेबाजी के लिए उतरी और टीम 45.5 ओवर में 101 रन पर सिमट गई। पहली पारी के आधार पर झारखंड ने 76 रन की बढ़त हासिल कर ली। ओडिशा की ओर से सुशील के बारिक ने ही झारखंड के आक्रमण का सामना करने का साहस जुटा पाए। उन्होंने 24 गेंद पर छह चौके व एक छक्के की मदद से 30 रन बनाए। अन्वेष त्रिपाठी ने 21 रन बनाए। बाकी बल्लेबाज 20 का आंकड़ा भी स्पर्श नहीं कर पाए।

झारखंड की ओर से घातक गेंदबाजी करते हुए मनीषी ने 13.5 ओवर में 15 रन देकर छह विकेट अपने नाम किए। मोहित कुमार राय ने दो विकेट लिए, जबकि साहिल राजव आर्यमान लाला को एक-एक विकेट मिला।
दूसरी पारी में झारखंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसके दो विकेट महज 29 रन पर ही गिर चुके थे। परमीत सिंह एक व अंकित कुमार आठ रन के निजी स्कोर पर पेवेलियन लौट गए। उसके बाद आर्यन हुड्डा व कुमार कुशाग्र्र ने पारी को संवारने का काम किया। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट की साझेदारी में 95 रन जोड़े। आर्यन आठ चौके की मदद से 57 रन तथा कुशाग्र्र आठ चौके की मदद से 52 रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं।