
पिता ने एसएसपी को लिखित ज्ञापन दे कर पता लगाने की लगायी गुहार


जमशेदपुरः जुगसलाई खादिम जूतावाला बाड़ी निवासी मो रफीक के पुत्र मो सज्जन (17वर्ष) को जुगसलाई के ही गुंडे बिट्टू, पप्पू, अफसर तथा दस अन्य लोगों ने मिल कर गायब कर दिया है. घटना को बीते तीन सप्ताह हो गये, लेकिन पुलिस इसका पता लगाने के बजाये, पीड़ित को ही थाने से भगा दिया. पिता मो रफीक ने हार कर जिले के एसएसपी को एक ज्ञापन दे कर पुत्र का पता लगाने की गुहार लगायी है. ज्ञापन में मो रफीक ने बताया है कि 8 जून 2015 को करीब साढ़े दस बजे उनके घर बिट्टू, अफसर, पप्पू समेत दस अन्य लोग पिस्टल, डंडा के साथ आ धमके और कहने लगे कि उनके घर से मोटर पंप, सोना चांदी की जो चोरी हुई है, उसमें उसके बेटे मो सज्जन का हाथ है, उसे हमें सौंप दो, वरना बुरा परिणाम होगा. इसके बाद उसे धक्का दे कर गिरा दिया, जिससे उसके सिर में चोट लगी. साथ ही उसे घसीट कर चौक-चौराहे पर फेक दिया. बाद में स्थानीय पुलिस द्वारा एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया. मो रफीक ने बताया उन बदमाशों ने उनके दामाद को नैयर परवेज को गाली-गलौज की और मारपीट की. इसके बाद चले गये. अगले दिन यानी 9 जून 2015 को पुन तीनों बिट्टू, असऱफ, पप्पू व अन्य लोग आये और उनके पुत्र मो सज्जन के साथ मारपीट की तथा उसे उठा कर ले गये, जिसका आज तक पता नहीं चला.
उधर इस मामले में नैयर परवेज ने भी एसएसपी के लिखित सूचना दे कर कहा है कि स्व हिदायत साह के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने उसे भी बुलाया था, लेकिन उसे छोड़ दिया गया, लेकिन थाने का चालक ने कहा कि कुछ ले दे कर मामला सुलझा लो, वरना मंहगा पड़ेगा. इसके बाद उसे मोबाइल पर थाने का बड़ा बाबू ने धमकी दी कि मार कर बरबाद कर देंगे और जेल भेज देंगे. इसके बाद से वह भागा-भागा फिर रहा है. परवेज ने बताया कि चोरी की घटना के बाद बिट्टू, पप्पू, असगर आदि रात्रि 11 बजे 8 जून को आये उनके साथ तथा उनके परिवार के साथ मारपीट की. साथ ही धमकी दी कि वह अपने साले मो सज्जन को उसके हवाले कर दे, वरना परिणाम बुरा होगा. साथ ही बिट्टू ने पिस्तौल सटा दिया. साथ ही उनकी पत्नी शबनम परवीन की कान की बाली छीन ली और कहा कि उसका साला सोना –चांदी चुराया है, तो हमने भी बाली छीन ली है. ज्ञापन में एसएसपी से कार्रवाई करने की मांग की है.

