खाद्य आपूर्ति एवं संसदीय कार्य मंत्री सरयू राय ने आज मानगो के बालीगुमा में निर्माणाधीन पावर ग्रिड स्टेशन का निरिक्षण किया. करीब 40 मिनट के निरीक्षण के दौरान मंत्री ने वहां चल रहे कार्यों को देखा और अधिकारियों के साथ बैठक की. मंत्री श्री राय ने बताया कि काम संतोष जनक है. अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि वे आगामी अगस्त माह तक काम पूरा कर लेंगे. इस पावर ग्रिड के लिए चांडिल-गोलमुरी लाइन से डीवीसी का पावर लेना है। सबसे निकट का टावर ट्रांसपोर्ट नगर में है। यहाँ से मोनो पोल सिस्टम से पावर ग्रिड में बिजली की ट्रांसमिशन लाइन ले जानी है। इस काम के लिए तीन तरह के क्लियरेंस की जरुरत है। पहला टाटा स्टील से क्योंकि मोनो पोल सिस्टम ट्रांसपोर्ट नगर में लगाना है जो टाटा का क्षेत्र है। दूसरा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से क्योंकि लाइन एनएच के ऊपर से होकर गुजरेगी और तीसरा क्लियरेंस जिला प्रशासन से लेना होगा क्योंकि डिमना नाला के बगल से लाइन गुजरेगी वह जिला प्रशासन का क्षेत्र है। मंत्री ने निर्देश दिया कि दो दिन के भीतर क्लियरेंस के लिए अनुरोध पत्र भेज दिया जाये। सोमवार वे अधिकारियों से पूछेंगे कि चिट्ठी गयी या नहीं। मंत्री ने कहा कि वे तीन महीने पहले भी यहाँ आये थे तब भी यही स्थिति थी। मंत्री ने बताया कि ग्रिड बनाने का काम तो पावर ग्रिड करेगा पर मोनो पोल का काम उसके एमओयू में नहीं है। पावर ग्रिड का कहना है कि इसके लिए अलग से एमओयू किया जाये या ऊर्जा विकास निगम स्वयं इस काम को करे। इस पर मंत्री ने कहा कि ट्रांसमिशन लाइन से जोड़े बिना ग्रिड निर्माण का कोई मतलब नहीं है। इसलिए मोनो पोल निर्माण का काम जल्द फ़ाइनल किया जाये। मंत्री ने कहा कि वे अब से पावर ग्रिड के काम की साप्ताहिक समीक्षा करेंगे। क्लियरेंस के लिए सरकार के स्तर से एनएचएआई तथा पीजीसीआइएल से बात की जायेगी। हर हाल में अगस्त तक काम पूरा हो यह सुनिश्चित किया जाये।
