
जमशेदपुर।


बीते शुक्रवार की रात आदित्यपुर थानान्तर्गत केन्दू गाछ मोड़ के समीप स्थित विवेक विहार काॅलोनी निवासी अखिलेश कुमार के घर में घुसकर हथियारबंद अपराधकर्मियों द्वारा लूट की घटना को अंजाम दिया गया। रात्रि करीब पौने दो बजे से साढ़े तीन बजे तक अपराधकर्मियों ने परिवार के अन्य सदस्यों को हाथ-पैर बाँधकर जमकर लूटपाट मचाते हुए आभूषण, नगद समेत करीब 20 लाख रुपये के सामानों को लेकर चलते बना। गृहस्वामी ने बताया कि घर के गेट को तोड़कर दस अपराधकर्मी अन्दर घुसे और घर के सभी सदस्यों को बंधक बना लिया। सभी अपराधकर्मी भुजाली, देशी कट्टा, माउजर तथा सब्बल आदि से लैस थे। घटना के समय घर में अखिलेश कुमार, उनकी पत्नी कांति देवी, पुत्र तरुण कुमार, बहू राखी देवी तथा उनके दो बच्चे थे। घर में घुसते ही उन्होंने सर्वप्रथम आलमारी का चाभी ले लिया। उसके बाद आलमारी को तोड़कर उसमें रखा सोने का दो मंगलसूत्र, 10 कान की बाली, 12 अँगूठी, 20 चाँदी व एक सोना का सिक्का, पायल, गले का हार, चार मोबाइल फोन, एक डायमंड का अँगूठी और 13 हजार रुपये नगद आदि को लूट लिया। इसके बाद उन्होंने बाॅक्स पलंग को तोड़कर उसमें रखे सामानों को देखा। अपराधकर्मियों द्वारा उनके घर में रह रहे भाड़ेदार से आईसीआईसीआई बैंक का एटीएम छिनकर उसपर रिवाॅल्वर सटाकर उनसे पासवर्ड प्राप्त कर लिया। गृहस्वामी के अनुसार एक अपराधकर्मी की उम्र करीब 45 वर्ष की थी जबकि अन्य की उम्र 20 से 25 वर्ष की थी। लूटपाट करने के बाद अपराधकर्मी रसोईघर में बैठकर जमकर शराब पिया। इसके बाद सभी चलते बना। तत्पश्चात् गृहस्वामी ने छूपाकर रखे एक मोबाइल से पड़ोसी को इस घटना की जानकारी दिया। इसके बाद इसकी सूचना आदित्यपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी अरविन्द कुमार तथा गम्हरिया थाना प्रभारी आदिकान्त महतो सदलबल घटनास्थल पर पहुँचे और जानकारी लिया। बताया गया है कि अपराधकर्मियों ने लूटे गए एटीएम कार्ड से पाँच हजार रुपये की निकासी भी कर लिया है। आदित्यपुर पुलिस अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जाँच कर रही है।

