सरायकेला।
गम्हरिया प्रखंड के जन वितरण प्रणाली के दुकानादारों ने भुंईयाडीह धोबी घाट निवासी बबिता देवी नामक एक महिला पर दुकानदारों से अवैध रूप से वसूली करने का आरोप लगाते हुए बुधवार को पकड़कर एमओ के समक्ष ही बंधक बना लिया। इस दौरान दुकानदारों ने महिला की कार को घेर कर दुकान जांच करने का आदेश दिखाने की मांग कर रहे थे। दूकानदारों ने उसे जाने से रोक दिया तथा उसके चालक की जमकर धुनाई कर दी। इस बावत दुकानदारों ने बताया कि उक्त महिला स्वयं को केन्द व राज्य सरकार की कंज्यूमर एफेयर्स फुड एण्ड पब्लिक डिस्ट्रिब्यूशन एडवाईजरी काउंसिल की मेंबर बताते हुए विगत कई दिनों से क्षेत्र के जन वितरण प्रणाली के दुकानों की जाँच के नाम पर भयादोहन कर अवैध वसूली कर रही थी। वहीं महिला बबिता देवी ने बताया कि वह दुकानों की जाँच जरूर कर रही है परंतु अवैध वसूली नहीं कर रही थी। उक्त महिला द्वारा केन्द्र या राज्य सरकार की ओर से जारी की गई अधिकृत आदेश की काॅपी दिखाने में भी असमर्थता जाहीर किया गया। बाद में आदित्यपुर पुलिस की हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और पुलिस द्वारा बंधक बनाई गई महिला को मुक्त करा दिया गया।
