
प्रभारी प्राचार्या सरोजनी के द्वारा कक्षा दो की छात्रा की बेरहमी से पिटाई कर दी गई. छात्रा की गलती बस इतनी थी कि उसने गलती से पैंट में शौच कर दिया


चाईबासा । पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर में एक बच्ची की स्कूल में बेरहमी से इसलिए पिटाई कर दी गई, क्योंकि उसने गलती से पैंट में शौच कर दिया था. प्रभारी प्राचार्या को मासूम बच्ची की ये गलती इतनी नागवार गुजरी कि उन्होंने उसके पूरे शरीर पर गुस्सा के दाग दे दिए.
मामला मनोहरपुर प्रखंड के चरवाहा उत्क्रमित मध्य विधालय का है. आरोप है कि प्रभारी प्राचार्या सरोजनी के द्वारा कक्षा दो की छात्रा की बेरहमी से पिटाई कर दी गई. छात्रा की गलती बस इतनी थी कि उसने गलती से पैंट में शौच कर दिया. छात्रा की पिटाई को लेकर अभिवावकों ने बीडीओ से शिकायत की है. बीडीओ ने मामले की जांच का भरोसा दिलाया है.
घटना के बारे में बताया गया कि मासूम छात्रा विद्या ने बुधवार को कक्षा में ही पैंट में शौच कर दिया. इससे गुस्साए प्रभारी प्राचार्या ने छड़ी से उसके पैर पर दनादन पिटाई कर दी और गाल पर भी कई थप्पड़ जड़ दिए. इसके बाद उसे पास स्थित नानी घर जाकर खुद ही पैंट साफ करने को कहा. पैंट साफ कर जब छात्रा लौटी, तो उसे मध्याह्न भोजन भी नहीं दिया गया और घर वापस लौटा दिया गया.
बेंत की छड़ी से मासूम छात्रा की पिटाई की गई, जिसके चोट के कई निशान उसके पैर पर देखे गये. उससे ज्यादा मासूम छात्रा पिटाई से इतनी डर गयी है कि कुछ बोल भी नहीं पा रही है. ठीक से चल-फिर भी नहीं सक रही है. माता-पिता भी अपनी मासूम बेटी की इस बेरहमी से पिटाई पर भावुक थे.

