
चाईबासा । नगर पर्षद के अध्यक्ष मिथिलेश कुमार ठाकुर ने शनिवार को नगर पर्षद द्वारा निर्माणधीन एवं स्वीकृत नाली एवं कलभर्ट निर्माण योजनाओं का निरीक्षण कर पाया कि योजनाओं का चयन अनियमित ढंग से किया गया है , जहाँ पर नाली निर्माण की आवश्यकता नहीं है , उक्त स्थल पर भी नाली निर्माण का प्राकलन बनाकर निविदा कराई गई है और कार्यादेश दिया गया है । नगर पर्षद के कनीय अभियंता एवं सहायक अभियंता योजना स्थलों का निरीक्षण किए बिना प्राकलन तैयार करते हैं तथा निर्माण कार्य के दौरान भी कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अभियंताओं द्वारा कार्य स्थल का निरीक्षण नहीं किया जाता है । कोई भी निर्माण कार्य प्राकलन के मापदंडों के अनुरूप नहीं कराया जा रहा है । नगर पर्षद के कनीय अभियंता एवं सहायक अभियंता पूरी लापरवाही बरत रहे हैं । नालियों के ढक्कन निर्माण एवं कलभर्ट निर्माण में पाया गया कि जलावन लकड़ी से सेंट्रिंग कर तख्ता अथवा प्लेट के स्थान पर कार्टून का कागज लगाया गया है तथा पतला छड़ काफी दूर – दूर बांधा गया है । ऐसे निर्माण कार्य तत्काल रोक देने का आदेश नगर पर्षद अध्यक्ष मिथिलेश कुमार ठाकुर द्वारा दिया गया । उन्होंने सहायक अभियंता व कनीय अभियंता नगर परिषद चाईबासा को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि गलत ढंग से हो रहे निर्माण कार्य की जिम्मेवारी आप लोगों पर तय की जायगी तथा कड़ी कार्रवाई की जायगी । यदि आप लोग सही ढंग से कार्य करने में सक्षम नहीं हैं नगरपालिका के कार्यों के लिए समय नहीं निकाल सकते हैं तो तुरंत अपनी प्रतिनियुक्ति रद्द कराकर अपने पैतृक विभाग में वापस चले जाएं , नगर परिषद के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जा सकता । मिथिलेश कुमार ठाकुर ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश दिया कि नगर विकास विभाग से चाईबासा नगर परिषद के लिए पूर्ण कालिक सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता का पदस्थापन शीघ्र कराने की कार्रवाई की जाय , साथ ही नगर परिषद में प्रतिनियुक्ति पर कार्य कर रहे कनीय अभियंता तथा सहायक अभियंता को गुणवत्ता के विपरीत कार्य कराने का जिम्मेदार ठहराते हुए उनके मूल विभाग को सूचित किया जाय ।



