
गया.
बिहार के गया में बीजेपी की परिवर्तन रैली में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और सीएम नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा। मोदी ने कहा, ”पता ही नहीं चल रहा कि कौन भुजंग प्रसाद है और कौन चंदन कुमार।” पीएम का इशारा नीतीश कुमार के एक बयान की ओर था। उनके पूरे भाषण में कई बार जंगलराज शब्द का जिक्र आया.
रविवार की रैली में मोदी ने कहा, ”बिहार में जल्द चुनाव होने वाले हैं, इस चुनाव में अहंकारी हुकूमत से मुक्ति मिल जाएगी। लोग 25 साल से इसे झेल रहे हैं।” मोदी ने लालू पर खास तौर पर निशाना साधा। कहा कि लालटेन वालों ने लोगों को अंधेरे में रखा है। बता दें कि लालटेन लालू की पार्टी आरजेडी का चुनाव चिह्न है। मोदी ने यह भी कहा कि जंगलराज पार्ट टू आया तो सब बर्बाद हो जाएगा। मोदी ने लालू के चारा घोटाले में जेल जाने को लेकर भी निशाना साधा। कहा कि लोग जेल से गलत चीजें सीखकर आते हैं। अब यह एक्सपीरियंस भी जंगलराज में जुड़ गया है। अगर जंगलराज टू आया तो सब कुछ बर्बाद हो जाएगा। वहीं, नीतीश पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि जेडीयू का मतलब है- जनता का दमन और उत्पीड़न।

