
कोलकाता । हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के दूसरे सीजन का खिताब जीतने वाले चेन्नयन एफसी ने साल्ट लेक स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए चौथे सीजन के अपने 12वें दौर के मुकाबले में मेजबान एटीके को 2-1 से हराते हुए अंक तालिका में एक बार फिर से शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।

साल 2015 में एफसी गोवा को हराकर चैम्पियन बनने का गौरव हासिल करने वाली चेन्नई की टीम के लिए इस मैच में मेलसन आल्वेस और जेजे लालपेखलुवा ने गोल किए। मैच का पहला गोल हालांकि मेजबान टीम के लिए मार्टिन पैटरसन ने किया था लेकिन उनके इस पदार्पण गोल के बाद चेन्नई ने अपने खेल का स्तर उठाते हुए पहले तो बराबरी की और फिर आगे निकलते हुए तीन अंक अपनी झोली में डाल लिए।
इस मैच से हासिल तीन अंकों को मिलाकर मेजबान टीम के खाते में 23 अंक हो गए हैं। उसने एफसी पुणे सिटी (22) और बेंगलुरू एफसी (21) को पीछे छोड़ दिया है। यह इस सीजन में एटीके पर चेन्नई की लगातार दूसरी जीत है। पहले चरण के मुकाबले में चेन्नई ने एटीके को 3-2 से हराया था। यह सात दिसम्बर को चेन्नई में हुआ था।
घर में यह एटीके का चौथा मैच था। दो में उसे हार मिली है जबकि एक में जीत और एक मैच ड्रा रहा है। दो बार का चैम्पियन 11 मैचों से 12 अंक लेकर आठवें स्थान पर है और अब उसका अंतिम-4 में स्थान बनाना असम्भव प्रतीत होता दिख रहा है। मुख्य कोच टेडी शेरिंघम की बर्खास्तगी के बाद मौजूदा चैम्पियन को एक बार फिर हार मिली है।
पहले हाफ में चेन्नई ने बेहतर खेल दिखाया था लेकिन यह हाफ मेजबान टीम के लिए खुशियां लेकर आया। उसे44वें मिनट में बढ़त जरूर मिली लेकिन इस हाफ में चेन्नई ने अधिक हमले किए और अधिक समय तक गेंद को अपने पास रखा।
मेहमान टीम ने 28वें और 36वें मिनट में दो अच्छे मौके बनाए लेकिन उसे सफलता नहीं मिली लेकिन 44वें मिनट में एटीके को पैटरसन ने एसे समय में बढ़त दिलाई, जब वह गेंद के लिए संघर्ष कर रही थी। गेंद पर नियंत्रण मेहमान टीम का अधिक था लेकिन आईएसएल में पदार्पण कर रहे पैटरसन ने यह गोल जयेश राणे की मदद से किया।
चेन्नई के गोलकीपर करणजीत सिंह ने हेडर से गोल करने के पैटरसन पहले प्रयास को तो नाकाम कर दिया लेकिन गेंद जब रीबाउंड होकर दोबारा पैटरसन के पास पहुंची तो उन्होंने कोई गलती नहीं की।
पहले हाफ की समाप्ति मेजबान टीम को 1-0 की बढ़त के साथ हुई लेकिन दूसरे हाफ में मेहमान टीम ने हमला बोला और अपनी अब तक की तमाम असफलताओं को पीछे छोड़ते हुए बराबरी का गोल ठोक दिया।
चेन्नई के लिए यह बराबरी का गोल मेलसन आल्वेस ने किया। मेलसन ने गोल अनिरुद्ध थापा द्वारा लिए गए कार्नर पर हेडर के जरिए किया। इस गोल से कुछ सेकेंड पहले रफाएल अगस्तो ने एक जोरदार शाट कोलकाता के गोलपोस्ट पर लिया था लेकिन देबजीत मजूमदार ने उसे रोक दिया था।
गेंद बाहर चली गई और इसी पर मिले कार्नर पर मेलसन ने गोल करते हुए चेन्नई को बराबरी दिलाई। एटीके ने 59वें मिनट में जेक्विन्हा को बाहर करते हुए हितेश शाह को अंदर दिया।
इन बदलावों का हालांकि उसे कोई फायदा नहीं हुआ क्योंकि भारतीय स्टार जेजे ने 64वें मिनट में गोल करते हुए चेन्नई को 2-1 से आगे कर दिया। यह गोल नाटकीय रहा। इनिगो काल्डेरान ने दाएं किनारे से एक अच्छा क्रास एटीके के बाक्स में भेजा, जिसे मजूमदार ने रोक दिया लेकिन गेंद उनसे डिफलेक्ट होकर जेजे के पास गई और उन्होंने उसे गोलपोस्ट में डालने में कोई गलती नहीं की।
जेजे ने इस सीजन में अपना सातवां गोल किया। 71वें मिनट में उनके पास अपना आठवां गोल करने का भी बेहतरीन मौका था लेकिन रफाएल अगस्तो द्वारा बनाए गए शानदार मूव को उन्होंने बेकार कर दिया। जेजे को 90वें मिनट में पीला कार्ड भी दिखाया गया लेकिन वह अपने साथियों के साथ मिलकर अपनी टीम के लिए अहम तीन अंक जुटाने में सफल रहे।

