
कोलकाता, । मौजूदा विजेता एटीके के अंतरिम कोच एशेल वेस्टवुड का मानना है कि टीम अभी भी हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन का खिताब बचा सकती है। आईएसएल में एटीके सबसे सफल टीम है। उसने पिछले तीन साल में दो बार खिताब अपने नाम किया है। हालांकि इस सीजन में मौजूदा विजेता संघर्ष करती दिख रही है और इस समय 10 टीमों की अंकतालिका में आठवें स्थान पर है। उसके 10 मैचों में 12 अंक हैं।
एटीके और उसके मुख्य कोच टेडी शेरिंघम ने आम सहमति से अपने रास्ते अलग कर लिए हैं। ऐसे में वेस्टवुड पर टीम को संभालने और जीत की राह पर वापस ले जाने की बड़ी जिम्मेदारी है।
एटीके के लिए आगे की चुनौती इस सीजन में ज्यादा से ज्यादा जीत हासिल करने की है। उसने अभी तक सिर्फ तीन मैचों में जीत हासिल की है जबकि चार में उसे हार मिली है और तीन मैच ड्रॉ रहे हैं। अगले मैच में उसका सामना गुरुवार को अपने घर साल्ट लेक स्टेडियम में चेन्नयन एफसी जैसी मजबूत टीम से है।
मैच से पहले संवाददाता सम्मेलन में वेस्टवुड ने कहा, ‘‘हमारे पास बड़े बदलाव करने के लिए ज्यादा समय नहीं है। उम्मीद है कि हम छोटे-छोटे बदलाव कर सकें। कुछ नए चेहरे बदलाव ला सकते हैं।
वेस्टवुड को किसी तरह की औपचारिकता की जरूरत नहीं है। वह भारतीय फुटबाल का जाना-माना नाम हैं। वह तीन साल तक बेंगलुरू एफसी के कोच रह चुके हैं और उनके रहते टीम ने काफी कुछ हासिल किया था। आईएसएल टीम का अस्थायी चार्ज लेना उनके लिए नया अनुभव होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘अस्थायी तौर पर मुझ पर जिम्मेदारी है। मैं पहले मुख्य कोच रह चुका हूं। चार साल तक। तीन साल भारत में तो इसलिए मुझे कोई परेशानी नहीं दिखती है। मैं आश्वस्त हूं कि जो मैं करूंगा वो अच्छा होगा। मुझे अपनी टीम पर भरोसा है। यह फुटबाल का हिस्सा है। यह मुश्किल नहीं है।’’
वेस्टवुड ने साथ ही बताया कि उनके स्टार खिलाड़ी रोबी कीन इस मैच में चोट के कारण नहीं खेलेंगे।
वेस्टवुड के लिए चुनौती यह है कि उनके आते ही टीम का सामना चेन्नयन एफसी से है जो 10 टीमों की तालिका में 11 मैचों में 20 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। वो अभी खेले गए मैचों में आधे मैच जीत चुकी है।
चेन्नयन के कोच जॉन ग्रेगोरी तीन मैचों के प्रतिबंध के बाद वापस मैदान पर आ रहे हैं। मेहमान टीम नार्थईस्ट युनाइटेड के खिलाफ अपना आखिरी मैच हार गई थी। ग्रेगोरी ने कहा कि वेस्टवुड के आने से भी उन्हें फर्क नहीं पड़ता।
उन्होंने कहा, ‘‘कई बार इस तरह की चीजें होती हैं। नए लोग आते हैं और चीजें बदल जाती हैं। हमने कुछ सप्ताह पहले देखा की नार्थईस्ट युनाइटेड के साथ क्या हुआ। मेरे अच्छे दोस्त अव्राम ग्रांट ने जिम्मेदारी संभाली और बदलाव हुआ, टीम को एफसी गोवा के खिलाफ जीत मिली। कई बार यह चीजें काम करती हैं कई बार नहीं। मैं बस इस को सुनिश्चित करना चाहता हूं कि एटीके के खिलाफ यह काम न करें।’’
ग्रेगोरी ने हालांकि सीजन की शुरुआत से एटीके की उपलब्धीयों की तारीफ की।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे लिए और मेरे खिलाड़ियों के लिए हम एटीके को मैनचेस्टर युनाइटेड मानते हैं। यह बड़ा क्लब है। जाहिर सी बात है वो दो बार विजेता रह चुके हैं। हम एक बार रहे हैं। लेकिन फिर भी हम एटीके की तरफ देखते हैं। वह शानदार टीम है। सीजन की शुरुआत में जब फिक्चर मेरे सामने आए तो सबसे पहले मैंने यही देखा था कि हम एटीके के खिलाफ कब खेलेंगे। यह वो इंग्लैंड में करते हैं, हम मैनचेस्टर युनाइटेड के खिलाफ कब खेलेंगे।’’
दोनों टीमें जब पहले चरण में चेन्नई में भिड़ी थीं तब चेन्नयन ने एटीके को 3-2 से मात दी थी।

