रेलवे महिला कल्याण केन्द्रीय संगठन (आर.डब्ल्यू.डब्ल्यू.सी.ओ.) ने अपने सालाना कार्यक्रम में रेल मंत्रालय के अराजपत्रित कर्मचारियों के मेधावी बच्चों को छात्रवृत्ति वितरित की। इस छात्रवृत्ति का उद्देश्य रेलवे कर्मियों के बच्चों को बेहतर शिक्षा खासकर बी.टेक, बी.ई., एम.बी.बी.एस. जैसी तकनीकी और अन्य उच्च पाठ्यक्रम के लिए प्रोत्साहित करना है। रेल भवन में आयोजित समारोह में संगठन की अध्यक्ष श्रीमती कांता कुमार ने 45 बच्चों को छात्रवृत्ति प्रदान की।


रेलवे महिला कल्याण केन्द्रीय संगठन (आर.डब्ल्यू.डब्ल्यू.सी.ओ.), भारतीय रेलवे के महिला कल्याण का सर्वोच्च संगठन है, जो विभिन्न जरूरी सामाजिक / कल्याण गतिविधियों के जरिए रेल कर्मियों और उनके परिवार के कल्याण के लिए काम करता है। संगठन की शुरूआत भारत-चीन युद्ध के बाद 1962 में हुई थी। रेलवे कर्मियों और उनके परिवार के कल्याण के कार्यों के अलावा यह संगठन पर्यावरण जागरूकता, परिवार कल्याण अभियान, सीमा पर तनाव और प्राकृतिक आपदा जैसी स्थिति में भी अपना योगदान देता रहा है।
***