जमशेदपुऱ।
भारतीय जनता पार्टी संगठन पर्व के निमित्त चल रहे सदस्यता महाभियान के तहत घर-घर तक दस्तक देने के आशय से बूथों पर सघन अभियान चलाएगी। 25 एवं 26 जुलाई को पार्टी ने इसको लेकर दो दिवसीय कार्यक्रम तय किये है। झारखंड प्रदेश भाजपा के निर्देशानुसार सभी मण्डलों के प्रत्येक बूथों ओर सघन जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को पार्टी से जोड़ना है। भाजपा जमशेदपुर महानगर के जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि सर्वस्पर्शी और सर्वसमावेशी के सिद्धांत पर चलते हुए पार्टी ने समाज के सभी वर्गों और सामुदाय तक पहुंचकर उन्हें जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। प्रत्येक बूथों पर 100 नए कार्यकर्ता और कुल 200 सदस्यों को भाजपा का प्राथमिक सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित है। बताया कि गुरुवार और शुक्रवार को महानगर भाजपा के सभी मण्डलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। बीते चुनाव में कमज़ोर रहे बूथों को मज़बूत बनाने पर विशेष फ़ोकस है। पार्टी के अनुभवी नेता और दक्ष कार्यकर्ता दूसरे बूथों पर प्रवास कर उसे मज़बूत बनाएंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा कि पार्टी के प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्यों के अलावे जिला भाजपा के पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, विधानसभा कोर कमिटी के सदस्य, मंडल के पदाधिकारियों और मंडल स्तरीय कोर कमिटी को निर्देश है कि अपने निर्धारित मतदान केंद्र को छोड़ मंडल क्षेत्र के ही किसी अन्य कमज़ोर बूथों पर प्रवास कर नए लोगों को भाजपा से जोड़ेंगे। बताया कि आगामी चुनाव में 65 प्लस के लक्ष्य को साधने में पार्टी का यह अभियान सहायक भूमिका निभाएगा।