
जमशेदपुर – सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री अपने 75वें प्लेटिनम जुबिली वर्ष के उपलक्ष्य में 21 और 22 जून को ‘मानसून ट्रेड फेयर 2025’ का आयोजन करने जा रहा है। यह ट्रेड फेयर चैम्बर भवन, बिष्टुपुर में आयोजित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य स्थानीय महिला उद्यमियों, कुटीर एवं लघु उद्योगों को मंच देना और ‘वोकल फॉर लोकल’ को प्रोत्साहित करना है।
प्लेटिनम जुबिली वर्ष में मिलेगा नया स्वरूप
चैम्बर उपाध्यक्ष अनिल मोदी ने बताया कि यह फेयर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान और ‘वोकल फॉर लोकल’ के विजन को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया जा रहा है। फेयर में शहर की महिलाओं द्वारा बनाए गए घरेलू उत्पाद, हस्तनिर्मित वस्त्र, आचार-पापड़, कृत्रिम आभूषण और अन्य उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे।
महिला उद्यमियों को मिलेगा प्लेटफॉर्म
चैम्बर अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने बताया कि ट्रेड का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। शहर की कई महिलाएं छोटे प्रकल्पों के जरिए आत्मनिर्भर बन रही हैं, लेकिन उन्हें अपने उत्पादों के लिए बाजार नहीं मिलता। मानसून ट्रेड फेयर 2025 ऐसे स्थानीय कारीगरों और महिला उद्यमियों को एक सशक्त मंच प्रदान करेगा।
स्टॉल आरक्षण की प्रक्रिया शुरू
मानद महासचिव मानव केडिया ने बताया कि इच्छुक स्टॉल धारक चैम्बर कार्यालय में संपर्क कर स्टॉल आरक्षित करा सकते हैं। आयोजन से जुड़ी तैयारी जोरों पर है और बड़ी संख्या में स्थानीय उद्यमियों की भागीदारी की उम्मीद है।
आयोजन टीम में सक्रिय भूमिका
मानसून ट्रेड फेयर की संयोजक श्रीमती सुमन नागेलिया के नेतृत्व में आयोजन को भव्य और सार्थक बनाने की तैयारी चल रही है। इस अवसर पर चैम्बर के अन्य पदाधिकारी जैसे राजीव अग्रवाल, पुनीत कांवटिया, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, भरत मकानी, अंशुल रिंगसिया, बिनोद शर्मा, सुरेश शर्मा लिपु, सीए. अनिल रिंगसिया आयोजन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।