
जमशेदपुर :
पूर्वी सिंहभूम जिले के 16 उभरते हुए युवा एथलीटों का चयन झारखंड राज्य की दूसरी सब-जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए हुआ है, जो आगामी 14 एवं 15 जून 2025 को जामताड़ा में आयोजित की जाएगी। इस खबर की घोषणा करते हुए ईस्ट सिंहभूम जिला एथलेटिक्स संघ (ESDAA) ने अपनी खुशी और गर्व प्रकट किया है।
जिला संघ के अनुसार, चयनित एथलीटों की टीम आज 13 जून को सुबह 7:50 बजे टाटानगर रेलवे स्टेशन से टाटा-बक्सर एक्सप्रेस द्वारा जामताड़ा के लिए रवाना हुई। टीम की अगुवाई पूर्व राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता सुश्री ममता मैरी मुर्मू कर रही हैं, जो इस दल की कप्तान भी हैं। टीम 16 जून को प्रतियोगिता संपन्न होने के बाद वापसी करेगी।
चयनित खिलाड़ियों की सूची इस प्रकार है:
निखिल सिंह, मोहित कुमार, समृद्धि सिंह, ऋतुराज दत्ता, सौरव तिवारी, मुकेश महतो, संध्या रानी बास्के, सृष्टि भट्ट, अतुल बाड़ा, आयुष कुमार, शगुन ठाकुर, कोमल कुमारी, आर्यन सिंह, भावेश नायक, सोनाली गुड़िया एवं ममता मैरी मुर्मू (टीम कप्तान)।
टीम प्रबंधन एवं कोच:
-
सुश्री पिंकी सामद – मैनेजर सह कोच
-
सुश्री प्रियंका बांकीरा – मैनेजर सह कोच
सभी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में भाग लेने से पूर्व अपने साथ जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड की मूल प्रति ले जाने के निर्देश दिए गए हैं।
टीम को टाटानगर रेलवे स्टेशन से रवाना करते समय पूर्वी सिंहभूम जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव रबिन्द्र नाथ मुर्मू, कोषाध्यक्ष राजकुमार बानरा, कार्यालय सचिव चैतन माझी, और खिलाड़ियों के अभिभावकगण भी मौजूद थे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
संघ के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी प्रतियोगिता में अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन देकर जिले का नाम रोशन करेंगे और भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर खेल क्षेत्र में अपनी पहचान बनाएंगे।