
जमशेदपुर:
आजादी की लड़ाई के महानायक, धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 125वीं पुण्यतिथि को भारतीय जनता पार्टी, जमशेदपुर महानगर ने गहरे श्रद्धाभाव के साथ मनाया। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने साकची गोलचक्कर स्थित बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा महानगर उपाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने किया। इस दौरान झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने “बिरसा मुंडा अमर रहें” और “भारत माता की जय” के नारों से वातावरण को देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।
डॉ. गोस्वामी ने इस अवसर पर कहा, “धरती आबा बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ सशस्त्र संग्राम छेड़कर देश के लिए अमर बलिदान दिया। वे आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। उनका जीवन संघर्ष, आत्मबल और अद्वितीय नेतृत्व का प्रतीक है। उनकी गाथाएं आज भी झारखंड के गांव-गांव में श्रद्धा और गौरव के साथ सुनाई जाती हैं।”
इससे पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में भी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया, जहां धरती आबा को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस कार्यक्रम में सांसद विद्युत वरण महतो और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी विशेष रूप से मौजूद थे।
सांसद विद्युत महतो ने अपने संबोधन में कहा, “बिरसा मुंडा ने न केवल अंग्रेजी शासन के खिलाफ उलगुलान किया, बल्कि उन्होंने विदेशी धर्म और शोषण के खिलाफ भी अपनी आवाज बुलंद की। उनकी शहादत आज भी देशवासियों के हृदय में अमिट छाप छोड़ती है।”
इस श्रद्धांजलि सभा में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। उपस्थित प्रमुख लोगों में पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा, दिनेश कुमार, कुलवंत सिंह बंटी, रमेश हांसदा, रेणु शर्मा, बबुआ सिंह, पप्पू सिंह, अनिल मोदी, जितेंद्र राय, रमेश बास्के, अमित सिंह, अमरजीत सिंह राजा, राम सिंह मुंडा, बिनोद राय, विजय सोय, गणेश मुंडा, प्रकाश शांडिल सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।
धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान को याद करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने और जनहित में काम करने का संकल्प लिया।