
जमशेदपुर। झारखंड में आगामी विधानसभा चुनाव हेतु जमशेदपुर महानगर जमशेदपुर अंतर्गत पुर्वी एवं पोटका विधानसभा में नारी शक्ति को उम्मीदवार घोषित किए जाने पर भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने गहरा हर्ष व्यक्त किया है। जमशेदपुर पुर्वी विधानसभा से पूर्णिमा दास एवं पोटका विधानसभा सीट पर मीरा मुंडा को प्रत्याशी बनाने पर जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा से महिलाओं के सशक्तिकरण के पक्ष में रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 33 प्रतिशत महिला आरक्षण बिल को पारित कर देश की महिलाओं को राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में अधिक अवसर प्रदान करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। पार्टी का यह निर्णय इस बात का प्रमाण है कि भाजपा महिलाओं की भागीदारी को प्राथमिकता देती है, चाहे वह राजनीति क्षेत्र हो या सामाजिक उत्थान का क्षेत्र। उन्होंने विश्वास जताया कि जमशेदपुर सहित कोल्हान की सभी सीटों पर जनता जनार्दन का आशीर्वाद भाजपा-एनडीए प्रत्याशी को मिलेगा एवं पूरे राज्य में एनडीए की बड़ी जीत होगी और झामुमो-कांग्रेस एवं राजद गठबंधन के पांच साल के आतंक और लूट का अंत होगा।