संवाददाता जामताड़ा
गणतंत्र की 65वीं वर्षगांठ पर चहुंओर देश भक्ति का नजारा देखने को मिला। जिला का मुख्य समारोह शहर के गांधी मैदान में आयोजित की गई। जहां डीसी शशिरींजन प्रसाद सिंह ने तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। 66वीं गणतंत्र का उत्साह इस लिए भी अधिक देखने को मिला कि जिले को चुनाव में मतदान प्रतिशत अधिक होने के कारण निर्वाचन आयोग की ओर से प्रदत प्रशस्ति पत्र व सम्मान डीसी शशिरंजन प्रसाद सिंह को मतदाता दिवस के अवसर पर राज्यपाल डाॅ सैयद अहमद ने दिया। शहर के गांधी मैदान में सैंकड़ों लोगों की उपस्थिति में डीसी ने तिरंगा फहराया।
झंडोतोलन के साथ हीं राष्ट्रगान की धून पर उपस्थित लोगों ने तिरंगे को सम्मान दिया। पूर्व की परिपाटी को तोड़ते हुए डीसी शशिरंजन ने बिना लिखित संबोधन किया। जनता के नाम जारी संदेश में उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से पूरे जिला वासियों को मतदान के दौरान बेहतर सहयोग के लिए आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि जनता और प्रशासन के बीच किसी प्रकार का कोई अवरोध नही है। नई सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन पूरी तरह से आम लोगों के लिए समर्पित है। उन्होंने लोगों से सीधा संवाद स्थापित करने की बात कही। साथ हीं यह भी कहा कि कोई भी पदाधिकारी या कर्मचारी जनहित की अनदेखी करता है तो उसकी लिखित सूचना दें। सूचना के आधार पर संबंधित पदाधिकारी और कर्मचारी के विरूद्ध कार्रवाई के लिए सरकार को लिखी जाएगी।
झंडोतोलन के बाद जिला पुलिस, आईआरबी बटालियन, स्काउट, गाईड, एनसीसी व स्कूली छात्रों ने परेड का प्रदर्शन किया। साथ हीं विभिन्न विभागों की ओर से झांकी निकाली गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से संसाधन की कमी के बावजूद संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया तो उत्पाद विभाग ने मद्यपान से होने वाली बुराईयों को दर्शाया। कृषि विग ने बेहतर खेती के बदौलत आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया। साथ हीं स्वीप के तहत विभिन्न प्रकार का पुरस्कार भी दिया गया।

