डांगुवापोसी के बैंक में नौ लोगों ने डाला था डाका


चाईबासा।
डांगुवापोसी में 26 अगस्त को हुई बैंक डकैती के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 3 अंतरराज्यीय डकैत और 3 स्थानीय शामिल हैं।
उनके पास से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा भी बरामद किया गया है। डांगुवापोसी के केनरा बैंक की शाखा से दिनदहाड़े बंदूक के बल पर 26 अगस्त को 1 लाख 51 हजार रुपये की डकैती हुई थी। यह जानकारी सोमवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. माइकल राज एस ने पत्रकारों को दी। :
उन्होने कहा कि डकैती में कुल 9 आरोपी शामिल थे। गिरफ्तार होनेवालों में लातेहार निवासी रजत तिरू उर्फ लंबू (रांची में रहता था), खूंटी निवासी अमर तिरू उर्फ छोटू (चाईबासा जेवियर नगर में रहता था), लातेहार निवासी गैबरियल सांगा (रांची में रहता था) शामिल हैं। इसके अलावा उनके सहयोगियों नोवामुंडी के कृष्णा सिंकू, जामपानी के रणवीर तांती उर्फ मुन्ना, नोवामुंडी के अनिल पूर्ति को गिरफ्तार किया गया है। घटना में शामिल एक आरोपी सुरेन्द्र उरांव लोहरदगा जेल में बंद है। वहीं, लोहरदगा निवासी संयुम कुजूर और बड़ाजामदा निवासी रामजीवन पूर्ति फरार हैं।
एस पी ने कहा कि रजत तिरू, गैबरियल सांगा और अमर तिरू को रांची से पुलिस ने गिरफ्तार किया। रजत और गैबरियल के पास से 1 देसी कट्टा, 1 पिस्टल और 6 गोलियां बरामद की गईं। दोनों अन्य लूट, छिनतई की घटना में पहले भी जेल जा चुके हैं। जबकि अन्य स्थानीय अपराधियों को उनके घर से पुलिस ने गिरफ्तार किया। उनके पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, 7 मोबाइल और एक दौली बरामद किया गया है।
एस पी डॉ. माइकल राज एस ने अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।